गुना को अग्रणी बनाने 'जीरो पेंडेंसी' पर काम करें अधिकारी: कलेक्टर
विकसित भारत के लक्ष्य के साथ जिले को नई दिशा देने के निर्देश, समय-सीमा बैठक में लंबित प्रकरणों की हुई समीक्षा
गुना। अनंत न्यूज़
कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे, अपर कलेक्टर अखिलेश जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर कन्याल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले को विकास के उच्च स्तर पर ले जाने के लिए सभी अधिकारियों को 'विकसित भारत' की सोच के साथ समन्वय बनाकर कार्य करना होगा।
बैठक के प्रारंभ में दिल्ली से आई विशेष टीम ने जिले के पुनर्गठन, तहसीलों की सीमाओं और प्रशासनिक पुनर्संरचना को लेकर अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की। टीम ने जिले की प्रशासनिक आवश्यकताओं को समझा और संभावित बदलावों के लिए सुझाव लिए। इस दौरान कलेक्टर कन्याल ने जिले में किए गए नवाचारों और वर्तमान कार्यशैली की जानकारी टीम के साथ साझा की। गर्मी के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने आगजनी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आग लगने के कारणों की पहचान कर प्रभावी रोकथाम करें। मेला या कार्यक्रम स्थलों पर मैकेनिकल झूलों की अनुमति कतई न दी जाए। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त फायर ब्रिगेड, पानी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहें।
3000 मासिक पेंशन का लाभ उठाएं
बैठक में श्रम पदाधिकारी आशीष तिवारी ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना की प्रगति बताई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 18 से 40 वर्ष की आयु के ऐसे श्रमिक, जिनकी आय 15,000 से कम है, उनका सीएससी सेंटर के माध्यम से अधिक से अधिक पंजीयन कराएं। इस योजना में मामूली मासिक अंशदान पर 60 वर्ष की आयु के बाद 3,000 मासिक पेंशन का प्रावधान है।
राजस्व कार्यों में 'जीरो पेंडेंसी' का लक्ष्य
राजस्व अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि आरसीएमएस पोर्टल पर कोई भी प्रकरण लंबित न रहे। नामांतरण, सीमांकन और बंटवारा जैसे मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, जल गंगा संवर्धन अभियान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे ने सख्त नाराजगी जाहिर की।
जनगणना 2027: स्व-गणना की अपील
कलेक्टर कन्याल ने जिले के नागरिकों को याद दिलाया कि जनगणना 2027 के अंतर्गत आॅनलाइन स्व-गणना की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 बेहद करीब है। उन्होंने अपील की कि नागरिक अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, क्योंकि यह देश के विकास की आधारभूत प्रक्रिया है।