अंतरराज्यीय चेन स्नेचिंग गैंग का पदार्फाश
तीन अलग-अलग कार्रवाई में 13 शातिर बदमाश गिरफ्तार, 21 लाख की 11 सोने की चैनें बरामद
गुना। अनंत न्यूज़
पुलिस ने सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों के दौरान भीड़भाड़ का फायदा उठाकर महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नेचिंग करने वाले तीन शातिर अंतरराज्यीय गिरोहों का पदार्फाश कर दिया है। पुलिस ने अलग-अलग राज्यों से 4 महिलाओं सहित अब तक कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने चोरी की गई 21 लाख 20 हजार रुपये कीमत की 11 सोने की चैनें बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस गिरोह का मुख्य सरगना रामबाबू अग्रवाल बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, गुना शहर के कोतवाली और कैंट थाना क्षेत्रों में जैन समाज के पंचकल्याणक महोत्सव और एक मौन जुलूस के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से चैन खींचने की कुल 8 वारदातें सामने आई थीं। धार्मिक आयोजनों में हुई इन चोरियों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी इनपुट जुटाए, जिससे तीन अलग-अलग अंतरराज्यीय गिरोहों की कड़ियां आपस में जुड़ीं। पुलिस ने इन चोरों को दबोचने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की थीं, जिन्हें बड़ी कामयाबी मिली। पहली टीम ने दिल्ली के एक गिरोह को पुलिस ने देवास से दबोचा, जिसमें 4 महिलाएं और 3 पुरुष सहित 7 लोग शामिल थे। इनके पास से 12 लाख रुपये मूल्य की 6 चैनें बरामद हुर्इं। पुलिस की दूसरी टीम उत्तर प्रदेश के गोरखपुर पहुंची, जहां से 3 महिला चोरों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 1 लाख 70 हजार रुपये की एक सोने की चैन मिली। तीसरी टीम ने तकनीकी माध्यमों का उपयोग करते हुए रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर के रास्ते पीछा कर गुजरात के गोधरा से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कई राज्यों में वारदात
पुलिस जांच में सामने आया कि इन गिरोहों के काम करने का तरीका बेहद संगठित था। गिरोह का एक सदस्य पहले रेकी करता था कि किस शहर में बड़े आयोजन या भीड़भाड़ वाले कार्यक्रम हो रहे हैं, जिसके बाद बाकी सदस्य वहां पहुंचकर वारदातों को अंजाम देते थे। पकड़े गए आरोपी मध्य प्रदेश के जबलपुर, मुरैना सहित उत्तर प्रदेश के मिजार्पुर और गोरखपुर के रहने वाले हैं। इन शातिर बदमाशों के खिलाफ गुना के अलावा सागर, छिंदवाड़ा, ग्वालियर, मुरैना, भोपाल सहित देश के कई अन्य राज्यों और शहरों में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
चोरी का लाइव डेमो: मीडिया के सामने उड़ाया पुलिसकर्मी का पर्स
गुरुवार को जब पुलिस ने इस पूरे मामले का पटाक्षेप किया, तो प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक हैरान कर देने वाला वाकया सामने आया। पकड़े गए आरोपियों में से एक बदमाश जेब काटने में बेहद माहिर था। पुलिस ने मीडिया के सामने उसकी इस 'कला' का एक लाइव डेमो कराया। सभी कैमरों के सामने देखते ही देखते उस शातिर चोर ने वहां खड़े एक पुलिसकर्मी की जेब से उनका पर्स पार कर दिया। चोर की इस फुर्ती और सफाई को देखकर वहां मौजूद पुलिस अधिकारी और मीडियाकर्मी दंग रह गए। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।