मीनाक्षी अस्पताल में लगा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर

विशेषज्ञों से परामर्श लेने उमड़े मरीज

मीनाक्षी अस्पताल में लगा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर
शिविर में उमड़ी मरीजों की भीड़।

अनंत न्यूज़ @गुना। शहर के दलवी कॉलोनी स्थित मीनाक्षी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर ने अपनी स्थापना के 21 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। शिविर का विधिवत शुभारंभ सुमेर सिंह गढ़ा द्वारा किया गया। दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस सेवा प्रकल्प में गुना और आसपास के अंचल से आए बड़ी संख्या में मरीजों ने विशेषज्ञों से परामर्श और उपचार प्राप्त किया।

स्थापना दिवस के इस कार्यक्रम में क्षेत्र के कई वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी गरिमामयी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ डॉ. बीएस कुशवाह, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. एसके श्रीवास्तव, जनरल सर्जन डॉ. बीएल कुशवाह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अनमोल वाधवानी, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. कमल मीना, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. डीएस कुशवाह और दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. नवनीत सिंह कुशवाह ने मरीजों का गहन परीक्षण कर उन्हें उचित चिकित्सीय सलाह दी। सेवा भाव को सर्वोपरि रखते हुए अस्पताल प्रबंधन द्वारा शिविर में आने वाले मरीजों के लिए परामर्श के साथ-साथ एक्स-रे सहित कई महत्वपूर्ण जांचें पूरी तरह नि:शुल्क रखी गईं। मीनाक्षी हॉस्पिटल प्रबंधन ने बताया कि पिछले दो दशकों से अधिक समय से संस्थान क्षेत्र की जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य के साथ स्थापना के 21 वर्ष पूरे होने पर इस निशुल्क शिविर के माध्यम से जरूरतमंदों की सेवा का संकल्प दोहराया गया है।