गुना में सबसे बड़ा धार्मिक मेला 2 अप्रैल से, सजेगा टेकरी सरकार का दरबार

आर्केड, रजनीगंधा, जरबेरा, मोगरा और गुना के गुलाबों से सजेगा हनुमानजी का मंदिर

गुना में सबसे बड़ा धार्मिक मेला 2 अप्रैल से, सजेगा टेकरी सरकार का दरबार

अनंत न्यूज़ @गुना। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल टेकरी धाम पर श्री हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 2 अप्रैल को आयोजित होने वाले विशाल मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंदिर ट्रस्ट और जिला प्रशासन द्वारा पिछले एक माह से की जा रही व्यवस्थाओं को अब अंतिम रूप दिया जा रहा है।

जन्मोत्सव पर पूरे मंदिर परिसर को क्विंटलों नायाब फूलों, जैसे आर्केड, रजनीगंधा, जरबेरा, मोगरा और स्थानीय गुलाबों से सजाया जा रहा है। आकर्षक विद्युत साज-सज्जा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। मंदिर के प्रवक्ता राजेश अग्रवाल तैयारियों और आयोजन को लेकर मंगलवार को प्रेशवार्ता कर विस्तृत जानकारी साझा की है। उनके मुताबिक 1 अप्रैल की रात 12 बजकर 30 मिनट पर पट खोल दिए जाएंगे। मंगला आरती तड़के 4 बजकर 15 मिनट पर होगी और और शयन आरती रात 12 बजकर 15 मिनट पर की जाएगी। तैयारियों के तहत पुराने सीढ़ी मार्ग की लगभग 300 सीढ़ियों की विशेष धुलाई और सफाई का काम पूर्ण कर लिया गया है। इस अभियान में कर्मचारी नेता आलोक नायक, चंदन सिंह परिहार, अंशु कुमार राय, नितिन राय, सनी परिहार, संजय तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों और सफाई मित्रों ने श्रमदान किया। सुरक्षा के लिहाज से चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा और ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। पहली बार 500 स्वयंसेवक पुलिस के साथ व्यवस्था संभालेंगे। ट्रस्ट और प्रशासन ने साझा बैठक के बाद श्रद्धालुओं से विशेष अपील की है। श्रद्धालुओं से कहा गया है कि महिलाएं चोरी की घटनाओं से बचने के लिए असली के बजाय नकली आभूषण पहनकर आएं। पर्यावरण की रक्षा हेतु पूरा मेला क्षेत्र प्लास्टिक मुक्त रहेगा। केवल बायोडिग्रेडेबल थैली और पेपर कप का उपयोग करने की अनुमति होगी। श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे परिसर में दीपक या अगरबत्ती न जलाएं। नारियल साबुत ही अर्पित करें। जाम से बचने के लिए दो पहिया वाहनों या पैदल आने को प्राथमिकता दें। वाहन निर्धारित पार्किंग में ही खड़े करें। प्रोटोकॉल दर्शन की व्यवस्था प्रात: 6 बजे से पहले और रात 10 बजे के बाद रहेगी। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में ट्रस्ट अध्यक्ष नारायण लाल अग्रवाल, उपाध्यक्ष चिरोंजी लाल प्रजापति, सचिव ओमप्रकाश बरोनिया, कोषाध्यक्ष गुलशन जुनेजा, सहसचिव भगवान मोदी, ट्रस्टी लक्ष्मण प्रजापति, महावीर चौहान सहित सभी पदाधिकारी पूरी क्षमता के साथ जुटे हुए हैं।