विशेष शिविर में पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य की हुई जांच

कप्तान की पहल पर रखा जा रहा है पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों का ध्यान

विशेष शिविर में पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य की हुई जांच
शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण कराते पुलिसकर्मी।

गुना। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर एसपी हितिका वासल के मार्गदर्शन में शनिवार को गुना पुलिस अस्पताल में नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेष रूप से 45 वर्ष से अधिक आयु के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अनिवार्य जांचें की गईं ।

दरअसल, पुलिस बल चौबीसों घंटे तनाव और कठिन परिस्थितियों में काम करता है, इसलिए उनके स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से यह पहल की गई। शिविर में जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम डॉ. सोबरन राय, डॉ. संदीप कोली, डॉ. जलज वर्मा, डॉ. अन्नु कुमार आदि ने पुलिस बल का विस्तृत परीक्षण किया। इस दौरान बीपी, शुगर, कोलेस्ट्रॉल, ईसीजी और बीएमआई जैसी महत्वपूर्ण जांचें की गईं और आवश्यक दवाइयां बांटी गईं । एसपी हितिका वासल ने कहा कि विषम परिस्थितियों में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों का शारीरिक व मानसिक रूप से फिट रहना बेहद जरूरी है। शिविर में एएसपी मानसिंह ठाकुर, डीएसपी जमीलउद्दीन सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल उपस्थित रहा। डॉक्टरों ने सभी को संतुलित खान-पान और नियमित व्यायाम की सलाह दी।