हाइवे से नीचे खाई में उतरी तेज रफ्तार बस, पेड़ से टकराकर पलटने से बची
कानपुर से रतलाम जा रही थी समय शताब्दी ट्रेवल्स की बस, दम्पत्ति सहित 5 लोग घायल
गुना।अनंत न्यूज़
नेशनल हाईवे-46 पर गुना बायपास मोड़ से पहले बिलोनिया के पास मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां कानपुर से उज्जैन होते हुए रतलाम जा रही समय शताब्दी ट्रेवल्स की एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी और पेड़ों से टकरा गई। दुर्घटना में पति-पत्नी और ड्राइवर-हेल्पर समेत 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
सुबह करीब साढ़े 4 बजे हुए इस हादसे के वक्त बस खचाखच भरी हुई थी, जिसमें छोटे बच्चे और उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन करने जा रहे कई श्रद्धालु भी सवार थे। जैसे ही बस पलटी, स्लीपर सीटों पर सो रहे यात्री सीधे फर्श पर आ गिरे, जिससे पूरी बस में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों में कानपुर निवासी दंपत्ति अतुल वाजपेयी-अल्का वाजपेयी, रेलवे की परीक्षा देने जा रहा युवक प्रशांत गौतम, बस ड्राइवर राहुल मिश्रा और हेल्पर इमरान शामिल हैं, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारणों को लेकर विरोधाभासी बातें सामने आ रही हैं। अस्पताल में भर्ती बस ड्राइवर राहुल मिश्रा का दावा है कि अचानक स्टेयरिंग का आॅयल निकल जाने के कारण स्टेयरिंग जाम हो गया था, जिससे वह बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया। इसके विपरीत, बस में सवार यात्रियों का आरोप है कि रास्ते में ड्राइवर की शिफ्ट बदली गई थी और इसके कुछ देर बाद ही नए ड्राइवर को नींद का झोंका आ गया, जिससे यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।
सुबह 6 बजे अस्पताल में मचा कोहराम
घटना के बाद सुबह 6 बजे जिला अस्पताल में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि घायलों की संख्या 5 से ज्यादा थी, लेकिन ज्यादातर सवारियों को मामूली चोटें आई। लिहाजा वे हाइवे से ही अन्य बसों में सवार होकर उज्जैन और रतलाम की तरफ रवाना हो गए। हालांकि काफी देर तक बस को खाई से बाहर नहीं निकाला जा सका। दोपहर बाद क्रेन मौके पर पहुंची और बस को बाहर निकालकर उसकी मरम्मत शुरु की गई।