मीनाक्षी हॉस्पिटल में डॉक्टर्स डे पर लगेगा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर
नामी चिकित्सक देंगे सेवाएं, जांचें और एक्सरे होंगे निशुल्क
गुना।अनंत न्यूज़
शहर के दलवी कॉलोनी स्थित मीनाक्षी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में हर साल की तरह इस वर्ष भी 1 जुलाई को 'राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे' के उपलक्ष्य में एक विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें मरीजों के लिए न केवल डॉक्टरों की ओपीडी मुफ्त रहेगी, बल्कि सभी प्रकार की आवश्यक जांचें और एक्सरे भी पूरी तरह निशुल्क किए जाएंगे।
इस वृहद आयोजन को लेकर अस्पताल के संचालक व प्रख्यात चिकित्सक डॉ. डीएस कुशवाह ने मंगलवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह शिविर बुधवार को दोपहर 12 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक अनवरत जारी रहेगा, जिसमें अंचल के कई वरिष्ठ और अनुभवी विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सेवाएं देने के लिए मौजूद रहेंगे। जानकारी देते हुए डॉ. कुशवाह ने बताया कि शिविर में विभिन्न गंभीर व सामान्य बीमारियों के विशेषज्ञ एक ही छत के नीचे उपलब्ध रहेंगे। इनमें नाक, कान व गला रोग विशेषज्ञ डॉ. बीएस कुशवाह, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. डीएस कुशवाह, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. एमके जैन, पेट एवं जनरल सर्जरी रोग विशेषज्ञ डॉ. बीएस कुशवाह, हृदय, शुगर व ब्लड प्रेशर रोग विशेषज्ञ डॉ. कमल मीना, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अनमोल वाधवानी और दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. नवनीत सिंह कुशवाह विशेष रूप से उपस्थित रहकर मरीजों का परीक्षण करेंगे। अस्पताल प्रबंधन ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर अस्पताल पहुंचकर इस निशुल्क शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।