बीमारी से जूझ रहे पीड़ितों के परिजनों को मिला कलेक्टर का साथ
हृदय रोग से पीड़ित वंदना की मां से कहा-मैं दूंगा पहले इंजेक्शन का पैसा, लोगों से भी कराएंगे सहायता
गुना।अनंतन्यूज़
कलेक्ट्रेट में मंगलवार की जनसुनवाई उस समय भावुक क्षणों की गवाह बनी, जब अपनी बेटी और परिजनों के जीवन बचाने की गुहार लेकर पहुंचे पीड़ितों को कलेक्टर ने न केवल ढांढस बंधाया, बल्कि तत्काल आर्थिक मदद की घोषणा कर उनकी उम्मीदों को नई रोशनी दी है।
दरअसल, गुलाबगंज कैंट निवासी शीला साहू अपनी बेटी वंदना साहू के इलाज के लिए गुहार लगाने पहुंची थीं। वंदना के दिल में छेद है और अब उसे एक जटिल आॅपरेशन और महंगे इलाज की जरूरत है। मां शीला ने बताया कि बेटी की शादी में लाखों खर्च करने के बाद उसकी बीमारी में भी अब तक 10 लाख रुपये लग चुके हैं। हालत यह हुई कि इलाज के लिए उन्हें अपना मकान तक बेचना पड़ा। दुखद पहलू यह रहा कि बीमारी के चलते ससुराल वालों ने भी वंदना को मायके छोड़ दिया। शीला ने रोते हुए बताया कि अब वंदना को बेहद महंगे इंजेक्शन लगने हैं, जिसमें एक इंजेक्शन की कीमत 75 हजार रुपये है। महिला की बेबसी देख कलेक्टर भावुक हो उठे। उन्होंने मां को ढांढस बंधाया और बड़ी घोषणा करते हुए कहा आप चिंता न करें, बेटी का इलाज होगा। पहले इंजेक्शन का खर्च मैं स्वयं उठाऊंगा। उन्होंने समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों से भी शीला साहू की मदद करने करने का आग्रह किया है। जनसुनवाई में आए दो मामलों में कलेक्टर के त्वरित निर्णय और व्यक्तिगत संवेदनशीलता की हर तरफ सराहना हो रही है। पीड़ितों ने हाथ जोड़कर प्रशासन का आभार व्यक्त किया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ऐसे गंभीर बीमारियों के मामलों में कागजी कार्रवाई में देरी न की जाए और मरीजों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए। उन्होंने जनसुनवाई कक्ष में ही लोगों को स्वस्थ रहने के कुछ टिप्स भी दिए।
हेमलता को तुरंत दिए 10 हजार, फल खाने की सलाह
वहीं एक अन्य मार्मिक आवेदन राघौगढ़ तहसील के ग्राम गोविंदपुरा निवासी प्रेम सिंह जाटव ने दिया। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी हेमलता जाटव साल 2023 से गंभीर हृदय रोग से जूझ रही हैं। प्रेम सिंह ने बताया कि आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद दवाइयों और अन्य जांचों पर अब तक हजारों रुपये खर्च हो चुके हैं। आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर है कि आगे का इलाज कराना अब उनके बस से बाहर होता जा रहा है। कलेक्टर ने प्रेम सिंह की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही तत्कालिक आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की और आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इलाज में शासन स्तर पर कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। कलेक्टर ने हीग्लोबीन बढ़ाने के उपायों पर जोर देते हुए हेमलता से कहा कि वे सेव और अनार खाएं।
जनसुनवाई में सुनीं 288 फरियादियों की समस्याएं
मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट में हुई जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान जिले भर से आए नागरिकों ने सीमांकन, बिजली, पेंशन, नगरपालिका, स्वास्थ्य और नामांतरण से संबंधित कुल 288 आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने इस बात पर जोर दिया कि अधिक से अधिक लोगों को आधार और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिले, जिसके लिए विशेष प्रबंध करने के निर्देश दिए गए। इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनसुनवाई स्थल पर ही नागरिकों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिनमें 70 वर्ष से अधिक आयु वालों के आयुष्मान कार्ड बनाना, नेत्र परीक्षण और एचआईवी जांच शामिल रही। साथ ही, आवेदकों को नि:शुल्क कानूनी सहायता भी प्रदान की गई। बड़ी संख्या में नागरिकों ने इन सुविधाओं का लाभ उठाया और अपने आवेदनों के निराकरण के लिए शासन के समक्ष अपनी बात रखी।