जज्जी बस स्टैंड पर अतिक्रमण के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई, 8 वाहनों पर 7 हजार का जुर्माना

जज्जी बस स्टैंड पर अतिक्रमण के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई, 8 वाहनों पर 7 हजार का जुर्माना

गुना।अनंत न्यूज़

 शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को जज्जी बस स्टैंड परिसर में यातायात पुलिस एवं नगर पालिका द्वारा संयुक्त रूप से अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। कार्रवाई पुलिस कप्तान हितिका वासल के निर्देशन में की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मान सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन और डीएसपी ट्रैफिक मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह ने पुलिस टीम और नगर पालिका अमले के साथ बस स्टैंड क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।

अभियान के दौरान कुछ लोगों द्वारा सड़क किनारे गुमटी लगाकर आमजन के लिए प्याऊ संचालित की जा रही थी। इस पर मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए नगर पालिका की सीएमओ द्वारा संबंधित लोगों को गुमटी हटाने के लिए निर्धारित समय तक की मोहलत दी गई। तय समय सीमा समाप्त होने के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

इसके बाद टीम ने मारुति शोरूम के समीप मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे ट्रैक्टर खड़े कर ईंट का व्यापार कर रहे 4 वाहन चालकों को समझाइश दी। साथ ही भविष्य में मुख्य सड़क पर वाहन खड़े कर व्यवसाय नहीं करने की चेतावनी देते हुए प्रत्येक वाहन पर 1000-1000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

इसी क्रम में बीच सड़क पर सवारी बैठा रही एक यात्री बस के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई। पूरे अभियान के दौरान कुल 8 वाहनों पर 7 हजार रुपये का समन शुल्क अधिरोपित किया गया।

यातायात पुलिस ने बताया कि शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ओल्ड एबी रोड सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण विरोधी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।