गुना में 10 मई को औद्योगिक क्रांति का आगाज

मुख्यमंत्री यादव और केंद्रीय मंत्री सिंधिया करेंगे 1100 करोड़ के अडानी सीमेंट प्लांट का शिलान्यास

गुना में 10 मई को औद्योगिक क्रांति का आगाज
सीएम और सिंधिया 10 मई को आएंगे।

गुना। अनंत न्यूज़

गुना जिला आगामी 10 मई को एक ऐतिहासिक औद्योगिक बदलाव का साक्षी बनने जा रहा है। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक साझा मंच से जिले को बड़ी सौगात देंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, रविवार को अडानी समूह द्वारा स्थापित किए जा रहे अत्याधुनिक सीमेंट प्लांट का शिलान्यास और विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा।

ग्वालियर-चंबल संभाग के लिए यह पहला बड़ा सीमेंट प्लांट होगा, जो क्षेत्र में औद्योगिक विकास और आधारभूत संरचना को नई गति देगा। अडानी समूह ने गुना क्षेत्र में कुल 3500 करोड़ रुपये के निवेश का संकल्प लिया है, जिसके पहले चरण में लगभग 1100 करोड़ रुपये की लागत से ग्राम मावन (गुना विधानसभा) में अत्याधुनिक सीमेंट पैकेजिंग प्लांट स्थापित किया जा रहा है। यह परियोजना ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रत्यक्ष प्रयासों और अडानी समूह के साथ निरंतर संवाद का परिणाम मानी जा रही है। साथ ही, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भूमि आवंटन और राज्य स्तर की जटिल प्रक्रियाओं को सुगम बनाने से इस बड़े निवेश का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इस उद्योग के आने से स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में सम्मानजनक रोजगार के अवसर मिलेंगे और उन्हें पलायन नहीं करना पड़ेगा।

दशहरा मैदान में विशाल जनसभा और रोड शो
10 मई के कार्यक्रम को लेकर शहर में भारी उत्साह देखा जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया हवाई पट्टी से सड़क मार्ग द्वारा लाल परेड ग्राउंड पहुंचेंगे। इसके बाद एक विशाल 'रोड शो' आयोजित किया जाएगा, जो शहर के कैंट थाना क्षेत्र, सदर बाजार और पुलिस लाइन होते हुए मुख्य कार्यक्रम स्थल दशहरा मैदान पहुंचेगा। दोपहर 2 बजे से दशहरा मैदान में एक विशाल जनसभा आयोजित होगी, जिसमें उद्योगपति गौतम अडानी की गरिमामयी उपस्थिति भी संभावित है। इस अवसर पर विभागीय प्रदर्शनी लगाई जाएगी और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ का वितरण भी किया जाएगा।

नपाध्यक्ष ने किया जनसंपर्क, शहरवासियों से की अपील
कार्यक्रम की भव्यता सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष ने शहर के विभिन्न वार्डों में सघन जनसंपर्क किया। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनें। उन्होंने कहा कि 1100 करोड़ का यह निवेश न केवल रोजगार सृजित करेगा, बल्कि गुना की आर्थिक तस्वीर को भी बदल देगा। नगर पालिका और प्रशासन की टीमें आयोजन की तैयारियों में पूरी मुस्तैदी से जुटी हुई हैं।

कई दिग्गज राजनेता और जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद
इस भव्य समारोह में प्रदेश शासन के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, क्षेत्रीय सांसद, विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन शामिल होंगे। यह आयोजन न केवल गुना के लिए बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के लिए औद्योगिक विकास का एक नया मील का पत्थर साबित होगा, जहाँ 'विरासत से विकास' की यात्रा अब औद्योगिक प्रगति के साथ कदम मिला रही है।