हाथ में सल्फास की डिब्बी लेकर लगाई न्याय की गुहार

पानी में जहर मिलाने के मामले में कार्रवाई न होने पर एसपी ऑफिस पहुँचा परिवार

हाथ में सल्फास की डिब्बी लेकर लगाई न्याय की गुहार
एसपी को शिकायत करने पहुंचे ग्रामीण।

अनंत न्यूज़ @गुना। विजयपुर डोंगर क्षेत्र में एक परिवार के पीने के पानी और बर्तनों में कथित तौर पर जहरीला पदार्थ मिलाने के मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से आक्रोशित पीड़ित परिवार सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गया। न्याय की आस में परिवार अपने साथ सल्फास की वह खाली डिब्बी भी लेकर आया था, जिसे उन्होंने आरोपियों के बाड़े से बरामद करने का दावा किया है।

घटना 25 फरवरी की है, जब डोंगर निवासी केदार सिंह धाकड़ का परिवार रुठियाई में एक शादी समारोह से वापस लौटा था। घर पहुँचते ही केदार की पत्नी ममता बाई ने जैसे ही प्यास लगने पर पानी पिया, उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। जाँच करने पर पता चला कि घर के पीने के पानी और अन्य बर्तनों में जहरीले पदार्थ सल्फास के कण मिले हुए थे। ममता बाई को आनन-फानन में गुना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ कड़ी मशक्कत के बाद उनकी जान बच सकी। परिजनों ने विजयपुर थाने में आवेदन देकर गाँव के ही कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते जहर मिलाने का आरोप लगाया था। पीड़ित पक्ष का कहना है कि इस गंभीर साजिश के पीछे जान से मारने की नीयत थी। इस मामले को लेकर गाँव में समाज की पंचायत भी आयोजित की जा चुकी है। परिजनों के मुताबिक, ग्रामीणों ने इस अमानवीय कृत्य के बाद आरोपी परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया है और पीड़ित परिवार को एसपी से गुहार लगाने की सहमति दी थी। सोमवार को एसपी आॅफिस पहुँचे केदार सिंह और उनके परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने पुलिस को वह सबूत भी दिखाने का प्रयास किया जो उन्हें आरोपियों के परिसर से मिला था। इस मामले में एसपी अंकित सोनी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस मामले की गंभीरता से जाँच कर रही है। उन्होंने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट और पानी के सैंपल की जाँच आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।