दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, रुठियाई और गुना क्षेत्र में कार्रवाई

दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, रुठियाई और गुना क्षेत्र में कार्रवाई

अनंत न्यूज़ @गुना। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निदेर्शानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का सिलसिला निरंतर जारी है। प्रशासन द्वारा प्राप्त शिकायतों के आधार पर संबंधित क्षेत्रों में सतत निगरानी रखते हुए छापामार कार्रवाई की जा रही है, जिससे खनन माफियाओं में हड़कंप व्याप्त है। इसी कड़ी में रविवार को गुना क्षेत्र के भ्रमण के दौरान अवैध परिवहन की पुख्ता सूचना प्राप्त हुई थी।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खनिज विभाग की टीम ने तत्काल घेराबंदी कर छापामार कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को खनिज का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया, जिसे जब्त कर कलेक्ट्रेट परिसर में खड़ा करवा दिया गया है। इसी प्रकार सोमवार को कार्रवाई का विस्तार करते हुए खनिज विभाग की टीम ने रुठियाई क्षेत्र का रुख किया। क्षेत्र में भ्रमण के दौरान टीम की नजर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर पड़ी जो अवैध रूप से मुरम का परिवहन कर रही थी। वैधानिक दस्तावेज न होने और अवैध उत्खनन की पुष्टि होने पर टीम ने वाहन को मौके पर ही जब्त कर लिया और उसे सुरक्षा की दृष्टि से थाना रुठियाई में खड़ा कराया है। पकड़े गए दोनों ही वाहनों के विरुद्ध संबंधित नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। प्रशासन ने सख्त लहजे में स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले समय में भी इस प्रकार की औचक कार्रवाइयां निरंतर जारी रहेंगी। इस पूरी मुहिम में खनिज अधिकारी सचिन वर्मा, प्रभारी खनिज निरीक्षक विजय कुमार चक्रवर्ती सहित विभाग के अन्य कर्मचारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।