लपचोरा में दुकानें जलाई, महिला को डाकन बताकर मारपीट

जमीनी संघर्ष को लेकर हुआ विवाद

लपचोरा में दुकानें जलाई, महिला को डाकन बताकर मारपीट
एसपी ऑफिस में शिकायत करने आए ग्रामीण।

गुना। अनंत न्यूज़

बमौरी थाना क्षेत्र के ग्राम लपचोरा में वन भूमि को लेकर चल रहे जमीनी विवाद ने रात के अंधेरे में हिंसक रूप ले लिया। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे के बाद अज्ञात तत्वों ने सरेराह गुंडागर्दी करते हुए दो किराना दुकानों के छपरे में आग लगा दी। घटना के समय पीड़ित दुकान के अंदर ही पर्दा लगाकर सो रहे थे, जिन्होंने बमुश्किल भागकर अपनी जान बचाई।

बमौरी पुलिस द्वारा मामले में सुनवाई न किए जाने से आक्रोशित पीड़ित विशाल सहरिया सहित 50 से अधिक ग्रामीण और महिलाएं शिकायत दर्ज कराने शुक्रवार को एसपी आॅफिस पहुंचे। जानकारी सामने आई है कि लपचोरा गांव में एक ही समाज के दो पक्षों के बीच लंबे समय से वन भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। पीड़ित दुकान मालिकों का इस जमीनी रंजिश से सीधा कोई लेना-देना नहीं था। लेकिन दूसरे पक्ष को यह संदेह था कि दुकानदार उनके विरोधी पक्ष का साथ दे रहे हैं। इसी महज शक के आधार पर रात 12 बजे के बाद बदमाशों ने दोनों किराना दुकानों को आग के हवाले कर दिया, जिससे भारी नुकसान हुआ है। हालांकि, रात के अंधेरे के कारण पीड़ित आग लगाने वालों को पहचान नहीं सके, लेकिन उनका सीधा आरोप है कि इस करतूत के पीछे वही लोग हैं जिनका जमीन का विवाद चल रहा है। इस पूरे घटनाक्रम में संवेदनशीलता और क्रूरता की सारी हदें पार हो गईं। पीड़ितों ने बताया कि इसी विवाद के दौरान घर में खाना बना रही एक महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और उसे 'डाकन' कहकर प्रताड़ित किया गया। इतनी बड़ी वारदात और सामाजिक कुप्रथा से जुड़े मामले के बावजूद जब स्थानीय बमौरी पुलिस थाने में पीड़ितों की कोई सुनवाई नहीं हुई, तो मजबूरन बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों को लामबंद होकर एसपी कार्यालय की शरण लेनी पड़ी।