शहर के सेवाभावी वरिष्ठ अधिवक्ता ने दी 9000 वर्गफीट भूमि दान

शहर के सेवाभावी वरिष्ठ अधिवक्ता ने दी 9000 वर्गफीट भूमि दान

अनंत न्यूज़ @गुना/ शहर में सेवा भारती द्वारा संचालित विभिन्न सेवा प्रकल्पों से प्रभावित होकर गुना के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी वीरेंद्र सिंह सिसोदिया (पूर्व कांग्रेस किसान मोर्चा अध्यक्ष) ने अपने स्वर्गीय पिता महेंद्र प्रताप सिंह सिसोदिया जी की पुण्य स्मृति में 9000 वर्गफीट भूमि दान कर एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। एडवोकेट वीरेंद्र सिंह सिसोदिया द्वारा दान की गई यह भूमि नगरपालिका वार्ड क्रमांक 4 के अंतर्गत प्रताप छात्रावास रोड से अंदर, संघ कार्यालय के ठीक पीछे स्थित है। शपथ-पत्र के अनुसार सर्वे क्रमांक 93/1 की कुल 0.084 हेक्टेयर (लगभग 9000 वर्गफीट) भूमि अब सेवा भारती के सेवा प्रकल्पों के लिए उपयोग की जाएगी। श्री सिसोदिया ने शपथ-पूर्वक कथन किया कि यह भूमि पूर्णतः विवाद रहित है तथा वे इसे स्वेच्छा से सनातनी एवं सामाजिक कार्यों के उत्थान हेतु समर्पित कर रहे हैं। आज के युग में जहाँ स्वार्थ की प्रवृत्ति बढ़ती दिखाई देती है, वहीं दानवीर भामाशाह जैसी परंपरा को जीवंत करते हुए श्री सिसोदिया ने यह सिद्ध कर दिया कि सेवा और समर्पण की भावना आज भी समाज में विद्यमान है। सेवा भारती द्वारा संचालित कन्या छात्रावास तथा शासकीय अस्पताल परिसर में चल रही भोजनशाला जैसे प्रकल्पों को देखकर वे लंबे समय से प्रभावित थे। उनका कहना है कि, “जब मैंने इन सेवा कार्यों को देखा तो मन में भाव आया कि इस पुण्य कार्य में मेरी भी सहभागिता होनी चाहिए। समाज के लिए कुछ कर पाने का अवसर मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।” इसी भावना से प्रेरित होकर उन्होंने गढ़ा कॉलोनी स्थित प्रताप छात्रावास क्षेत्र की भूमि सेवा भारती को दान करने का निश्चय किया। दान विलेख करने के उपरांत श्री सिसोदिया जी ने भावुक होते हुए कहा, “पिताजी की स्मृति में यह सेवा कार्य कर मन को अपार शांति और आत्मिक संतोष प्राप्त हुआ है। इससे बढ़कर खुशी मेरे लिए और कोई नहीं हो सकती।” यह दान न केवल सेवा भावना का प्रतीक है, बल्कि समाज के लिए प्रेरणास्रोत भी है कि सक्षम वर्ग आगे आकर सामाजिक एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सहभागिता करे। इस अवसर पर सेवा भारती के प्रमुख पदाधिकारियों अध्यक्ष श्री डॉ रामवीर सिंह रघुवंशी एवं सचिव डॉक्टर मनोज सिंह रघुवंशी द्वारा वीरेंद्र सिंह सिसोदिया का सम्मान कर उनके इस पुनीत कार्य के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा इसे समाज के लिए प्रेरणादायी कदम बताया गया।