स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार, क्रिटिकल केयर ब्लॉक का ट्रायल रन शुरू

जल्द मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं

स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार, क्रिटिकल केयर ब्लॉक का ट्रायल रन शुरू
क्रिटिकल केयर ब्लॉक में शुरु हुआ ट्रायन रन

अनंत न्यूज़ @ गुना। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नवनिर्मित अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक की सेवाओं का आगाज हो गया है। वर्तमान में इस यूनिट का ट्रायल रन शुरू किया गया है, जिसके तहत प्राथमिक तौर पर ओपीडी और इमरजेंसी सेवाओं को यहाँ शिफ्ट करने की प्रक्रिया जारी है। 

इस ट्रायल रन का मुख्य उद्देश्य व्यवस्थाओं की बारीकियों को समझना है, जिसमें विशेष रूप से स्टाफ के काम करने के तरीके और रिस्पांस टाइम की निगरानी की जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि इस यूनिट में आने वाले गंभीर मरीजों को आधे से एक घंटे के भीतर तत्काल और सटीक उपचार उपलब्ध कराकर उन्हें संबंधित वार्डों में शिफ्ट कर दिया जाए, ताकि कीमती समय बचाया जा सके। मरीजों को उच्च स्तरीय और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इस पूरे वार्ड को नवीनतम चिकित्सा संसाधनों और अत्याधुनिक मशीनों से लैस किया गया है। यहाँ की कार्यप्रणाली को सुचारू बनाने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती की गई है, जो आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को बिना किसी असुविधा के त्वरित सहायता प्रदान करने में सक्षम है। क्रिटिकल केयर यूनिट के इस महत्वपूर्ण ट्रायल रन की शुरूआत के दौरान जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर स्वयं उपस्थित रहे। उन्होंने पूरे ब्लॉक का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और यह सुनिश्चित किया कि संसाधनों का उपयोग मरीजों के हित में पूरी क्षमता के साथ किया जाए।