सड़क पर तड़प रहे घायल का लोग बनाते रहे वीडियो
26वीं वाहिनी के जवानों ने दिखाई मानवता, पहुंचाया अस्पताल
गुना।अनंत न्यूज़
कैंट रोड पर सर्किट हाउस के पास एक मोटरसाइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल होकर तड़पता रहा, लेकिन मौके पर मौजूद लोग उसकी मदद करने के बजाय मूकदर्शक बनकर मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। ऐसे संवेदनशील समय में वहां से गुजर रहे 26वीं वाहिनी के दो पुलिस जवानों ने इंसानियत की मिसाल पेश की और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई।
दरअसल, कैंट रोड पर एक मोटरसाइकिल सवार कैंट की तरफ से आ रहा था। इसी दौरान रात्रि लगभग 9 बजे हनुमान चौराहे से कैंट की ओर जा रही दो युवतियों ने अपनी एक्टिवा से बाइक को कट मार दिया। इस टक्कर के कारण कैंट थाने के सामने ही वेल्डिंग का काम करने वाला मोटरसाइकिल सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि सड़क किनारे पड़ी गिट्टी से युवक का सिर फट गया और अत्यधिक खून बहने के कारण वह स्थान लहूलुहान हो गया। हादसे के बाद घायल युवक बेसुध हालत में बीच सड़क पर पड़ा रहा। वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, लेकिन कोई भी उसे उपचार दिलाने के लिए आगे नहीं आया और लोग केवल तमाशाबीन बनकर वीडियो बनाने में मशगूल रहे। इसी दौरान वहां से गुना 26वीं वाहिनी के दो जवान सतीश शर्मा और विवेक जाटव गुजरे। सड़क पर घायल को तड़पता देख दोनों जवानों ने तुरंत अपनी गाड़ी रोकी। उन्होंने समय न गंवाते हुए तत्काल एक आॅटो का इंतजाम किया और घायल युवक को उसमें बैठाकर जिला अस्पताल ले गए। दोनों जवानों ने घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और डॉक्टरों से कहकर तुरंत उसके सिर पर टांके लगवाए। युवक की स्थिति में सुधार आने के बाद जवानों ने उसके पास मिले मोबाइल से परिजनों को फोन कर अस्पताल बुलाया और उन्हें सुरक्षित सौंप दिया। समय रहते दोनों जवानों द्वारा दिखाए गए हौसले और सूझ-बूझ के कारण युवक की जान बच सकी।