आधी रात थाने पहुंचीं एसपी हितिका वासल

रिकॉर्ड और व्यवस्थाओं का जायजा लेकर लंबित केस निपटाने के दिए निर्देश

आधी रात थाने पहुंचीं एसपी हितिका वासल

गुना।अनंत न्यूज़

 जिले की पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक चुस्त-दुरुस्त और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हितिका वासल द्वारा थानों का औचक निरीक्षण जारी है। इसी कड़ी में 12 और 13 मई की दरम्यानी रात उन्होंने धरनावदा थाने पहुँचकर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालयीन अभिलेखों के संधारण, मालखाना, हवालात और शस्त्रागार का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने सीसीटीएनएस कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की। लंबित अपराधों और शिकायतों के रजिस्टर जांचते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि पुराने प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए ताकि फरियादियों को समय पर न्याय मिल सके। पुलिस अधीक्षक ने थाना स्टाफ को स्पष्ट किया कि फरियादियों की समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ सुना जाए। उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए रात्रि गश्त को और अधिक सघन बनाया जाए। सूचीबद्ध अपराधियों और निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर सतत निगाह रखी जाए। अवैध शराब, जुआ और अन्य अनैतिक कार्यों पर प्रभावी तरीके से रोक लगाई जाए।