कचरा ट्रॉली की रस्सी बाइक सवार के गले में फंसी, बाल-बाल बची जान

युवक बोला-जीते जी फांसी लग गई थी

कचरा ट्रॉली की रस्सी बाइक सवार के गले में फंसी, बाल-बाल बची जान

गुना। अनंत न्यूज़

शहर के भगत सिंह चौराहा क्षेत्र में बुधवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा हो गया। नगरपालिका की एक तेज रफ्तार कचरा ट्रॉली से लटक रही प्लास्टिक की रस्सी चलती बाइक पर सवार युवक के गले में जा फंसी। गनीमत रही कि समय रहते बाइक रुक गई और रस्सी को निकाल लिया गया, अन्यथा कोई बड़ा अनर्थ भी हो सकता था। पीड़ित युवक के गले पर जख्म के गहरे निशान आए हैं।

दरअसल, बुधवार करीब 8 बजे सकतपुर निवासी अभिषेक कुशवाह अपने बच्चे का इलाज कराने के लिए शहर आया था। जब वह भगत सिंह चौराहा क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी नगरपालिका की तेज रफ्तार कचरा गाड़ी वहां से निकली। गाड़ी में बंधी प्लास्टिक की रस्सी बाहर की ओर लटक रही थी, जो अचानक अभिषेक के गले में लिपट गई। हादसे के बाद सहमे हुए अभिषेक ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा, ऐसा लगा जैसे जीते जी मुझे फांसी दे दी गई हो। रस्सी गले में फंसते ही मोटरसाइकिल गिर पड़ी। खुशकिस्मती यह रही कि अभिषेक ने तुरंत फुर्ती दिखाते हुए रस्सी को गले से बाहर खींच लिया। हैरानी की बात यह रही कि कचरा गाड़ी का चालक इतना बेखबर था कि उसे हादसे का अंदाजा तक नहीं लगा और वह तेज रफ्तार में गाड़ी लेकर वहां से निकल गया। इस घटना में अभिषेक का गला बुरी तरह जख्मी हुआ है। रस्सी के घर्षण के कारण गले पर काफी गहरा और लंबा घाव नजर आ रहा है। पीड़ित ने शहर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को आवेदन दिया है और लापरवाह कचरा गाड़ी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।