नगर परिषद आरोन में हुआ जन कल्याण शिविर का आयोजन

तीन दिवसीय शिविर में एक ही स्थान पर मिल रहा शासकीय योजनाओं का लाभ, समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन लिए

नगर परिषद आरोन में हुआ जन कल्याण शिविर का आयोजन

गुना। अनंत न्यूज़

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गुना अभिषेक दुबे के निदेर्शानुसार तथा शासन के आदेशों के पालन में नगर परिषद आरोन द्वारा तीन दिवसीय "जन कल्याण शिविर" का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी दिनेश कुमार सोनी के मार्गदर्शन में यह शिविर 16 जून से 18 जून तक आयोजित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य आमजन को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।

शिविर में नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। इस दौरान आमजन की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन भी प्राप्त किए गए, जिनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। शिविर का संचालन सी.ओ. शेख जिगर खान द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित नागरिकों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मुख्य नगरपालिका अधिकारी दिनेश कुमार सोनी सहित अन्य अधिकारी, नगर परिषद का समस्त स्टाफ, आमजन एवं विभिन्न योजनाओं के हितग्राही प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।