गुना पुलिस की तत्परता से युवक का गुम हुआ सामान मिला, फरियादी ने जताया आभार
सीसीटीवी और तकनीकी सहायता से ऑटो ट्रेस कर पुलिस ने लौटाया सामान, एसपी हितिका वासल के निर्देशन में हुई कार्रवाई
गुना।अनंत न्यूज़
गुना पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यप्रणाली का एक और उदाहरण सामने आया है। फरियादी का ऑटो में छूटा सामान गुना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित वापस दिला दिया।
पुलिस कप्तान कार्यालय से मिली जानकारी अनुसार 7 मई 2026 को बजरंगगढ़ निवासी विनायक भट्ट ने गुना पुलिस के सीसीटीवी कंट्रोल रूम पहुंचकर सूचना दी कि रेलवे स्टेशन से जयस्तंभ चौराहा जाते समय ऑटो में उनका लगभग 3 हजार रुपये कीमत का सामान छूट गया है। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम प्रभारी निरीक्षक विकास उपाध्याय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने तत्काल क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सहायता से संबंधित ऑटो की पहचान कर ली। इसके बाद ऑटो चालक से संपर्क स्थापित कर उसे कंट्रोल रूम बुलाया गया। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद फरियादी विनायक भट्ट को उनका खोया हुआ सामान सुरक्षित वापस सौंप दिया गया।अपना सामान सकुशल वापस मिलने पर फरियादी ने गुना पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।