भाजपा नेताओं ने समाजसेवी प्रमोद भार्गव का किया सम्मान

पूर्व विधायक जीतू जिराती ने की सेवाभाव की सराहना

भाजपा नेताओं ने समाजसेवी प्रमोद भार्गव का किया सम्मान

गुना। अनंत न्यूज़

नर सेवा को ही नारायण सेवा मानकर असहाय, गरीब और निराश्रित लोगों के जीवन को संवारने वाले गुना के सुप्रसिद्ध समाजसेवी प्रमोद भार्गव का भारतीय जनता पार्टी द्वारा सम्मान किया गया। भार्गव के निस्वार्थ सेवा कार्यों और समाज के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को रेखांकित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उनके निवास पर पहुंचकर उनका अभिनंदन किया।

सम्मान की इस कड़ी में भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती एवं भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार विशेष रूप से प्रमोद भार्गव के निवास स्थान पहुंचे। वहां उन्होंने भार्गव को शॉल व श्रीफल भेंट कर उनके सेवा संवर्धन प्रयासों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती ने भार्गव द्वारा किए जा रहे कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों की निस्वार्थ सेवा के साथ-साथ मानसिक रूप से अस्वस्थ एवं निराश्रित व्यक्तियों के उपचार, संरक्षण एवं पुनर्वास हेतु प्रमोद भार्गव द्वारा किए जा रहे प्रयास मानवता की सच्ची मिसाल हैं। सम्मान के इस गौरवशाली क्षण के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण चतुवेर्दी, जिला महामंत्री संतोष धाकड़, जिला मीडिया प्रभारी अंकुर श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष मोहित नामदेव, मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह राजपूत, परेश भार्गव एवं हरीश उरैया सहित कई गणमान्य नागरिक और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने प्रमोद भार्गव के दीघार्यु होने और उनके सेवा संकल्पों के निरंतर आगे बढ़ने की कामना की।