ललितपुर में अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 5 अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

67 लाख से ज्यादा की नगदी, कारें और भारी मात्रा में नकली शराब बनाने का सामान बरामद

ललितपुर में अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 5 अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

ललितपुर | अनंत न्यूज़ 

कोतवाली ललितपुर पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध शराब निर्माण फैक्ट्री का बड़ा खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5 अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कुल 67 लाख 79 हजार 989 रुपये की नगदी, कारें और भारी मात्रा में शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से चार अलग-अलग स्थानों से 165 ट्रे देसी शराब के टेट्रा पैक, 5329 नकली ढक्कन, 1,45,820 नकली लेबल, 22,526 क्यूआर कोड, 9109 खाली पाउच, 750 नकली स्टीकर सहित बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की गई। इसके अलावा 17 बड़े और 4 छोटे ड्रम, एक आरओ मशीन, बोतल सीलिंग मशीन और अन्य उपकरण भी बरामद हुए हैं।

कार्रवाई में एक ऑडी कार, एक क्रेटा, एक स्विफ्ट कार, एक मोटरसाइकिल और 7 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 54 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही आरोपियों के पास से 5.50 लाख रुपये नकद बरामद हुए, जबकि 8.29 लाख रुपये बैंक खातों में फ्रीज कराए गए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर नकली शराब का निर्माण कर उसे मध्य प्रदेश के कई जिलों में सरकारी ठेकों के माध्यम से खपाते थे। गिरोह का मुख्य सरगना रवि लखेरा बताया जा रहा है, जो लंबे समय से इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहा था। आरोपी अलग-अलग राज्यों में फैक्ट्री लगाकर लगातार स्थान बदलते रहते थे ताकि पुलिस से बच सकें। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

ललितपुर पुलिस की इस कार्यवाही में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी मय टीम, स्वाट टीम प्रभारी अतुल तिवारी एवं  सर्विलांस टीम प्रभारी अरुण पवार का सराहनीय योगदान रहा

 इस कार्रवाई के लिए पुलिस कप्तान द्वारा पूरी टीम को 25 हजार रुपये का नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की गई है।