गणेशपुरा हत्याकांड: 10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

जमीनी विवाद में हुई थी हत्या

गणेशपुरा हत्याकांड: 10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

गुना। अनंत न्यूज़

पुलिस ने अपराधियों और फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। फतेहगढ़ थाना पुलिस ने ग्राम गणेशपुरा में हुए बहुचर्चित हत्याकांड के एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी पर गुना पुलिस अधीक्षक की ओर से 10,000 रुपये का इनाम घोषित था। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के कुशल नेतृत्व, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन और एसडीओपी विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में की गई।

मामला 26 अक्टूबर 2025 का है, जब फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गणेशपुरा में दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया था। इस विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के रामस्वरूप नागर के साथ लाठी-डंडों से गंभीर मारपीट की थी। घटना के बाद पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इलाज के दौरान घायल रामस्वरूप नागर की मौत हो जाने के बाद पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (इठर) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया था।

10 आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल, राजस्थान से दबोचा गया इनामी

पुलिस इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए अब तक 10 आरोपियों—महेंद्र नागर, हुकुम नागर, जितेंद्र नागर, नितेश नागर, लोकेश नागर, नवीन नागर, हरीश नागर, कन्हैयालाल नागर, प्रिंस नागर और गौतम उर्फ गोविंद नागर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। प्रकरण में फरार शेष आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। इसी दौरान 11 जुलाई 2026 को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर फतेहगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी देवेंद्र उर्फ पिंटू (22), पुत्र महेंद्र नागर, निवासी ग्राम गीगचा, थाना नाहरगढ़, जिला बारां (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी भेजा गया जेल, बाकी की तलाश जारी

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए इनामी आरोपी देवेंद्र उर्फ पिंटू को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। फतेहगढ़ थाना पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल कुछ अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान के तहत सघन दबिशें दी जा रही हैं और उन्हें भी जल्द ही कानून की गिरफ्त में ले लिया जाएगा।