गुना पुलिस का 'ड्रिंक एंड ड्राइव' के विरुद्ध सख्त अभियान

जय स्तंभ चौराहे पर हुई विशेष चेकिंग

गुना पुलिस का 'ड्रिंक एंड ड्राइव' के विरुद्ध सख्त अभियान

अनंत न्यूज़ @गुना। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुना पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के संवेदनशील नेतृत्व में यातायात नियमों के पालन हेतु एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यातायात पुलिस ने 'ड्रिंक एंड ड्राइव' (नशे में वाहन चलाना) के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चालकों की सघन चेकिंग की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मान सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं डीएसपी ट्रैफिक  मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। यातायात थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह ने अपनी टीम के साथ बुधवार, 25 मार्च की शाम 7:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक शहर के व्यस्ततम जय स्तंभ चौराहे पर विशेष चेकिंग पॉइंट लगाया। अभियान के दौरान दोपहिया, चारपहिया वाहनों के साथ-साथ बस चालकों का भी ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से अल्कोहल परीक्षण किया गया। चेकिंग के दौरान दो वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाए गए। इन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 185 के तहत वैधानिक प्रकरण तैयार किए गए हैं, जिन्हें आगामी कार्रवाई हेतु  न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। यातायात विभाग का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले हर नागरिक के जीवन को सुरक्षित बनाना है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे में वाहन चलाना न केवल चालक के लिए जानलेवा है, बल्कि यह सड़क पर चल रहे अन्य निर्दोष राहगीरों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है।