मुनिश्री सुधासागरजी महाराज की ऐतिहासिक अगवानी की तैयारियां तेज

नपा ने कराया हाट रोड का पेंच रिपेयर, 3 जून को होगा भव्य नगर प्रवेश

मुनिश्री सुधासागरजी महाराज की ऐतिहासिक अगवानी की तैयारियां तेज

गुना।अनंत न्यूज़

आचार्यश्री विद्यासागरजी महाराज के परम प्रभावक शिष्य मुनि पुंगव श्री सुधासागरजी महाराज ससंघ के गुना आगमन और आगामी पंचकल्याणक महामहोत्सव को लेकर पूरे शहर में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। मुनिसंघ की गुना शहर में 3 जून को ऐतिहासिक और भव्य मंगल अगवानी (नगर प्रवेश) होने जा रही है, जिसे लेकर समाज के साथ-साथ नगरपालिका प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है।

मुनिसंघ ने सोमवार को शाढ़ौरा से पैदल विहार किया और शाम को सिंध फिल्टर प्लांट पहुँचे। यहाँ देर शाम शंका समाधान सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंगलवार को मुनिसंघ की आहारचर्या पगारा या उसके आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में होगी। धार्मिक आयोजन और मुनिसंघ के विहार मार्ग को सुगम बनाने के लिए नगरपालिका अध्यक्ष के निर्देश पर प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है। गत रात नपा द्वारा बड़ी मशीनों के माध्यम से सीमेंट कांक्रीट से हाट रोड के पेंच रिपेयर कराने का कार्य युद्धस्तर पर कराया गया। इस कार्य का देर रात खुद नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि अरविंद गुप्ता ने मौका मुआयना किया। इस दौरान उनके साथ इंजीनियर सुनील कुमार जैन और नपा कर्मचारी शकील खान मुख्य रूप से मौजूद रहे। सिंध फिल्टर प्लांट पर भी नपा अमले ने मुनिसंघ के प्रवास को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं संभालीं।

3 जून को निकलेगा ऐतिहासिक जुलूस

बज्रंगगढ़ जैन कमेटी के अध्यक्ष इंजीनियर एस.के. जैन एवं महामंत्री प्रदीप जैन ने बताया कि मुनिश्री का गुना की ओर निरंतर पैदल विहार हो रहा है। संभवत: 3 जून को प्रात:काल केंट क्षेत्र से मुनिसंघ की भव्य अगवानी की जाएगी। केंट गुना से प्रारंभ होने वाला यह विशाल और ऐतिहासिक जुलूस हनुमान चौराहा, मुनिसुब्रतनाथ जिनालय, हाट रोड, सदर बाजार, जयस्तंभ चौराहा और बजरंगगढ़ रोड होते हुए ऋषभोदय नसिया जी पहुँचेगा। 17 जून से शुरू होने वाले इस पंचकल्याणक महामहोत्सव के प्रमुख पात्रों का चयन मुनिश्री के पावन सानिध्य में 7 जून को ऋषभोदय नसिया जी में आयोजित विशेष कार्यक्रम में किया जाएगा।

सामूहिक भक्तामर पाठ और प्रभातफेरियों से धर्ममय हुआ नगर

महोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार रात्रि को सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा नसिया जी प्रांगण में सामूहिक भक्तामर पाठ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धर्म लाभ लिया। इसके साथ ही, नगर में धर्म प्रभावना बढ़ाने के लिए जैन समाज द्वारा प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे भजनों के साथ प्रभातफेरी निकाली जा रही है। सोमवार को प्रभातफेरी पारसनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई वापस मंदिर पहुँची। वहीं, मंगलवार को सुबह यह प्रभातफेरी पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर चौधरी मोहल्ला से प्रारंभ होकर आसमानी माता मंदिर, निचला बाजार, सदर बाजार और नई सड़क होते हुए वापस मंदिर परिसर में संपन्न होगी। प्रभातफेरियों से पूरा गुना नगर इस समय भक्ति के रंग में सराबोर नजर आ रहा है।