दिव्यांग और बुजुर्गों के लिए आसान हुई कलेक्ट्रेट की राह
कलेक्टर दफ्तर तक जाने के लिए आधुनिक रैंप हुआ शुरू
गुना।अनंत न्यूज़
कलेक्ट्रेट परिसर में आने वाले बुजुर्गों, दिव्यांगों और आमजन की सुविधा के लिए एक बेहतरीन पहल की गई है। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देश पर परिसर में नवनिर्मित आधुनिक रैंप को 1 जून से आधिकारिक तौर पर आम जनता के उपयोग के लिए शुरू कर दिया गया है। इस रैंप के चालू होने से अब शारीरिक रूप से अक्षम और वृद्धजनों को कार्यालयों तक पहुँचने में काफी सहूलियत होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बीती 10 मई को गुना दौरे के दौरान दशहरा मैदान से वर्चुअली इस रैंप का लोकार्पण कर जिले को यह बड़ी सौगात दी थी। कलेक्ट्रेट भवन में कलेक्टर कार्यालय के साथ-साथ महिला एवं बाल विकास विभाग, सहकारिता, खनिज और जनसंपर्क सहित कई महत्वपूर्ण शासकीय कार्यालय संचालित होते हैं। इन दफ्तरों में अपने काम के लिए आने वाले लोगों को अब तक सीढ़ियों के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। आमजन को मौसम की मार से बचाने के लिए इस पूरे रैंप के ऊपर शेड भी लगाया गया है, ताकि तेज धूप और बारिश के दौरान भी लोग सुरक्षित आ-जा सकें। इस सुविधा के शुरू होने से कलेक्ट्रेट आने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है।