गोद में नन्हे कान्हाजी लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे गौसेवक

गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग

गोद में नन्हे कान्हाजी लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे गौसेवक
कान्हा जी की प्रतिमा लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे गौसेवक।

गुना।अनंत न्यूज़

 देश में गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए 'गौ सम्मान आव्हान अभियान' अब जोर पकड़ने लगा है। इसी कड़ी में गुना जिले के गौभक्तों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सड़कों पर उतरकर गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की पुरजोर मांग की। सोमवार को जयस्तंभ चौराहे से रैली निकालते हुए गौभक्तों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

इस अभियान की खास बात यह रही कि गौभक्त भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप को गोद में लेकर रैली में शामिल हुए। संतों के सानिध्य में निकाली गई इस रैली में जयघोष के साथ गौमाता के संरक्षण का संकल्प दोहराया गया। कार्यकतार्ओं का कहना है कि देशभर में तहसील स्तर पर यह अभियान चलाया जा रहा है, ताकि केंद्र और राज्य सरकारों तक गौवंश की सुरक्षा की आवाज पहुंच सके। जनजागरूकता के लिए देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। देशभर की प्रत्येक तहसील में ज्ञापन सौंपकर संवैधानिक दर्जे की मांग की जा रही है। इस पूरे आंदोलन को देश के प्रतिष्ठित संतों और धर्माचार्यों का आशीर्वाद प्राप्त है। ज्ञापन सौंपने के दौरान गौसेवकों ने विश्वास जताया कि केंद्र की मोदी सरकार गौमाता की स्थिति को समझते हुए जल्द ही उन्हें 'राष्ट्रमाता' घोषित करेगी। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक गौमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान नहीं मिल जाता, तब तक उनका संरक्षण और सड़कों पर विचरण कर रहे गौवंश की समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। गौभक्तों ने दो टूक कहा कि गौवंश हमारी संस्कृति का आधार है। वह सरकार से अपील करते हैं कि इस अभियान को सफल बनाने और गौमाता को उचित सम्मान दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।