उत्कृष्ट विद्यालय में एसपी का प्रेरणादायी संवाद

विद्यार्थियों को दिया देश निर्माण का संदेश

उत्कृष्ट विद्यालय में एसपी का प्रेरणादायी संवाद

गुना। अनंत न्यूज़

युवा पीढ़ी को जागरूक, जिम्मेदार और राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाने के उद्देश्य से गुना पुलिस द्वारा लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी सिलसिले में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-2 में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष मार्गदर्शनात्मक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर उनका हौसला बढ़ाया।

अपने प्रेरक उद्बोधन में पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने विद्यार्थियों को भविष्य का कर्णधार बताते हुए जीवन में अनुशासन, नैतिकता और सकारात्मक सोच अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है। सही दिशा मिलने पर वे देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को ड्रग्स, शराब और तंबाकू जैसे नशीले पदार्थों से दूर रहने की सीख दी और उन्हें स्वयं नशामुक्त रहकर समाज को जागरूक करने का संकल्प दिलाया। संवाद के दौरान पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं एवं बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा को समाज की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने की बात कही। इस दौरान विद्यार्थियों ने साइबर अपराधों से बचाव, लक्ष्य निर्धारण, सफलता के उपाय और पुलिस सेवा की चुनौतियों से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधीक्षक ने अपने अनुभवों के माध्यम से समाधान किया। इस अवसर पर कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

यातायात नियमों का पालन कानूनी दायित्व ही नहीं, सुरक्षा भी

कार्यक्रम में मौजूद यातायात प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है।