केंट चौराहे पर प्याऊ का शुभारंभ, राहगीरों को मिलेगी ठंडा पेयजल की सुविधा

समाजसेवी पप्पू चौधरी खटीक की पहल, भीषण गर्मी में आमजन को मिलेगी राहत

केंट चौराहे पर प्याऊ का शुभारंभ, राहगीरों को मिलेगी ठंडा पेयजल की सुविधा

गुना।अनंत न्यूज़

शहर में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए समाजसेवी पप्पू चौधरी खटीक द्वारा गुना के व्यस्ततम केंट चौराहे, खटीक मोहल्ला पर जनसेवा के उद्देश्य से प्याऊ का शुभारंभ किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य राहगीरों, मजदूरों, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना है, ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।

प्याऊ के शुभारंभ अवसर पर स्थानीय नागरिकों, समाजसेवियों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था करना एक पुण्य कार्य है, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों लोगों को लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर पप्पू चौधरी खटीक ने कहा कि समाज की सेवा करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है और गर्मी के मौसम में प्यासे लोगों को पानी उपलब्ध कराना सबसे बड़ा मानव धर्म है। उन्होंने बताया कि प्याऊ के माध्यम से आने-जाने वाले लोगों को नियमित रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि केंट चौराहा शहर का प्रमुख और व्यस्त क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। ऐसे में प्याऊ की व्यवस्था लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।

गौरतलब है कि गर्मी के मौसम में शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं समाजसेवियों द्वारा जनहित में पेयजल की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसी कड़ी में पप्पू चौधरी खटीक की यह पहल भी लोगों के लिए राहत का माध्यम बनेगी।