अतिक्रमण पर प्रशासन का प्रहार
जयस्तंभ से बजरंगगढ़ रोड तक चला सफाई अभियान
गुना। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन में पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने आज एक बड़ा अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। यह कार्यवाही शहर के सबसे व्यस्ततम मार्ग जयस्तंभ चौराहे से लेकर बजरंगगढ़ रोड ओवरब्रिज (फ्लाईओवर) तक व्यापक स्तर पर की गई।
अभियान के दौरान टीम ने सड़क के दोनों ओर दुकानदारों द्वारा अवैध रूप से फैलाए गए सामान, ठेले और अन्य सामग्रियों को हटवाया। मार्ग बाधित करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए मौके पर ही चालानी कार्यवाही की गई, जिसके तहत कुल 8,000 रुपये का जुमार्ना वसूला गया। विशेष रूप से फ्लाईओवर के नीचे सड़क पर रखे गए सामान को टीम ने जब्त कर लिया और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक प्रकरण दर्ज किए। संयुक्त टीम ने सभी व्यापारियों और दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में सार्वजनिक स्थानों या सड़क की सीमा में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने यह भी साफ कर दिया है कि शहर के यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए अब इस प्रकार की कार्यवाही प्रतिदिन निरंतर जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अब और भी कठोर वैधानिक कदम उठाए जाएंगे।
सुगम यातायात के लिए प्रशासन मुस्तैद
यह अभियान आम नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक मार्ग उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन की एक महत्वपूर्ण पहल है। अधिकारियों ने व्यापारियों और आमजन से अपील की है कि वे सड़क एवं फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखकर शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग प्रदान करें। इस कार्यवाही से व्यस्ततम मार्गों पर यातायात के दबाव में कमी आने और पैदल चलने वालों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।