गुना में आबकारी विभाग का शिकंजा, 60 लीटर अवैध हाथभट्टी शराब जब्त, आरोपी फरार

गुना में आबकारी विभाग का शिकंजा, 60 लीटर अवैध हाथभट्टी शराब जब्त, आरोपी फरार

गुना।अनंत न्यूज़

जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 लीटर हाथभट्टी मदिरा जब्त की है। यह कार्रवाई कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देश पर ग्राम मुहालपुर और निर्भयगढ़ में की गई।

जिला आबकारी अधिकारी गुरुप्रसाद केवट के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त गुना-1 के प्रभारी राधाकिशन अटारिया के नेतृत्व में टीम ने दोनों गांवों में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान ग्राम मुहालपुर से 54 और ग्राम निर्भयगढ़ से 67 पन्नी पाउच बरामद किए गए। कुल 121 पाउच में भरी करीब 60 लीटर हाथभट्टी मदिरा जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 12 हजार रुपये बताई गई है।

आबकारी विभाग को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर निर्भयगढ़ क्षेत्र में घेराबंदी की गई थी। इस दौरान एक आरोपी मदिरा छोड़कर मौके से फरार हो गया। उसकी पहचान विनायकखेड़ी निवासी सरवन सहरिया के रूप में हुई है। विभाग द्वारा उसकी तलाश की जा रही है।

मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के तहत दो प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब और जहरीली मदिरा के कारोबार के खिलाफ जिलेभर में अभियान लगातार जारी रहेगा।

इस कार्रवाई में आबकारी प्रधान आरक्षक रामहेत सिंह कुशवाह, आरक्षक गोविंद सिंह मीणा, अरुण कुमार शर्मा, दिनेश कुमार राठौर, महिला आरक्षक पूजा रघुवंशी तथा होमगार्ड सैनिक महिपाल सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।