ईमानदारी की मिसाल: ऑटो चालक ने हाईवे पर मिला मोबाइल पुलिस को सौंपा
अनंत न्यूज़ @ गुना | जिले में एक ऑटो चालक ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए हाईवे पर मिला महंगा मोबाइल पुलिस को सौंप दिया। मामला 27 मार्च का है, जब गुलाबगंज निवासी ऑटो चालक सोहील खान अपने परिवार के साथ शादी समारोह से लौट रहे थे। रात करीब 1:30 बजे रुठियाई हाईवे पर उन्हें एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन मिला, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई जा रही है।
सोहील खान ने तुरंत अपनी ऑटो रोककर आसपास देखा, लेकिन कोई व्यक्ति नहीं मिला। मोबाइल चालू हालत में था, लेकिन पैटर्न लॉक होने के कारण किसी से संपर्क नहीं हो सका। पूरी रात इंतजार करने के बाद भी जब कोई कॉल नहीं आया, तो उन्होंने जिम्मेदारी दिखाते हुए अगली सुबह ऑटो यूनियन (एटक) के जिला अध्यक्ष मुस्ताक खान से संपर्क किया।
इसके बाद मुस्ताक खान के साथ सोहील खान ने गुना पुलिस के टीवी सीसी फुटेज कंट्रोल रूम पहुंचकर मोबाइल जमा कर दिया। इस दौरान पुलिस कर्मी भूपेंद्र सिंह सेंगर भी मौजूद रहे।
ऑटो चालक की इस ईमानदारी की हर तरफ सराहना हो रही है।