नीट धांधली के विरोध में गुना में फूटा आक्रोश
मशाल थामकर कांग्रेस ने बुलंद की छात्रों की आवाज, दोषियों को आजीवन कारावास की मांग
गुना।अनंत न्यूज़
देश की प्रतिष्ठित चिकित्सा प्रवेश परीक्षा नीट में हुए कथित पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी गुना ने सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान और पूर्व कैबिनेट मंत्री जयवर्धन सिंह के निर्देश पर कांग्रेस कार्यकतार्ओं ने निचला बाजार से जयस्तंभ चौराहा तक मशाल जुलूस निकाला।
मशाल जुलूस में शामिल हुए बमोरी विधायक इंजीनियर ऋषि अग्रवाल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश की सबसे बड़ी परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक हो जाना और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार होना बेहद गंभीर है। इस धांधली से परीक्षा में बैठे 23 लाख छात्रों और उनके अभिभावकों की सालों की मेहनत पर पानी फिर गया है। इन बच्चों ने डॉक्टर बनने की उम्मीद से दिन-रात एक कर तैयारी की थी।
विधायक अग्रवाल ने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी अनियमितता के बावजूद केंद्र सरकार कोई कारगर कदम नहीं उठा पा रही है, जिससे प्रतीत होता है कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री इस व्यवस्था को संभालने में सक्षम नहीं हैं। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर शिक्षा क्षेत्र में बैठे दलालों और दोषियों को कम से कम आजीवन कारावास की सजा दी जाए। वहीं कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के व्यापमं घोटाले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सरकार में बैठे लोग ही शिक्षा माफिया के साथ मिले हुए हैं।
मशाल जुलूस में शामिल ब्लॉक अध्यक्ष रजनीश शर्मा ने भी इस कथित घोटाले को लेकर गहरा आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक होने की वजह से ईमानदारी से पढ़ाई करने वाले छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ होता है, वहीं जो लोग पैसे देकर पेपर खरीदते हैं वे आगे बढ़ जाते हैं। यह लोकतांत्रिक और सामाजिक व्यवस्था के लिए घोर निंदनीय और चिंतनीय है।
इस प्रदर्शन में कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष फलेशुराज ने आंकड़ों के माध्यम से केंद्र व राज्य की भाजपा सरकारों को घेरते हुए कहा कि बीते 7 सालों में भाजपा राज में अलग-अलग विभागों और परीक्षाओं के करीब 70 प्रश्न पत्र लीक हो चुके हैं, लेकिन सरकारें हाथ पर हाथ धरे बैठी हैं और यह सिलसिला लगातार जारी है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि छात्रों को न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। मशाल जुलूस में पूर्व जिला अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़, हरिशंकर विजयवर्गीय, नेता प्रतिपक्ष शेखर वशिष्ठ, पंकज कनेरिया, हलीम गाजी, आविद खान, रणवीर कुशवाह आदि सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।