15 वर्ष से पुराने वाहनों पर कार्रवाई कर बस की जब्त

15 वर्ष से पुराने वाहनों पर कार्रवाई कर बस की जब्त
कार्रवाई करते पुलिस अधिकारी

गुना। अनंत न्यूज़

पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन में शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और नियमबद्ध बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मान सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं यातायात डीएसपी मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने बस स्टैंड क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। यह कार्यवाही मुख्य रूप से 15 वर्ष से अधिक पुराने और नियमों का उल्लंघन कर सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों के विरुद्ध की गई।

अभियान के दौरान बस स्टैंड पर खड़ी लगभग 15 यात्री बसों की सघन जांच की गई। इस दौरान बस क्रमांक एमपी 08/0506 निर्धारित आयु सीमा से अधिक पुरानी पाई गई, जो मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों का खुला उल्लंघन कर रही थी। पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए इस बस को जब्त कर यातायात थाना परिसर में खड़ा करवा दिया है। जांच के दौरान कई अन्य बसों में परमिट, बीमा, फिटनेस और प्रदूषण प्रमाणपत्र से संबंधित कमियां पाई गईं। इन वाहन स्वामियों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्यवाही की गई। अधिकारियों ने सख्त निर्देश दिए कि यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखे जाएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण और संयुक्त अभियान निरंतर जारी रहेंगे।