गुना में जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता सम्पन्न, विजेता खिलाड़ी भोपाल में दिखाएंगे दम
अनंत न्यूज़ @गुना |स्थानीय सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, महावीरपुरा गुना द्वारा श्यामा प्रसाद मुखर्जी खेल परिसर में जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026 का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता विद्याभारती मध्यभारत प्रांत की योजना के अंतर्गत आयोजित हुई।
एक दिवसीय इस प्रतियोगिता में जिले के 8 विद्यालयों से कुल 87 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 46 छात्र, 22 छात्राएं, 8 संरक्षक आचार्य/दीदी एवं 10 स्थानीय आचार्य/दीदी शामिल रहे।
प्रतियोगिता में विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाएं जैसे दौड़, गोला फेंक, भाला फेंक, डिस्कस थ्रो, हेमर थ्रो, ऊंची कूद और लंबी कूद आयोजित की गईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी आगामी 25 से 29 अप्रैल तक भोपाल में आयोजित होने वाली प्रांतीय प्रतियोगिता में गुना जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
समापन समारोह में खेल भावना का संदेश
समापन समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य वक्ता महेन्द्र सिंह रघुवंशी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना बनाए रखने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर शिवकुमार तिवारी, राजीव तिवारी, संजय पाराशर सहित अन्य आचार्य एवं दीदी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन आचार्य विवेक बाण्डे द्वारा किया गया |