पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला: फरार आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
अनंत न्यूज़ @गुना | जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए गुना पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। हितिका वासल के नेतृत्व में बमोरी थाना पुलिस ने पुरानी रंजिश में हुए जानलेवा हमले के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, थाना बमोरी क्षेत्र के ग्राम बरोदिया में 22 अक्टूबर 2025 को पुरानी रंजिश के चलते आरोपी हेमराज सहरिया एवं बलराम सहरिया ने फरियादी महेश सहरिया पर चाकू से हमला कर दिया था। इस हमले में फरियादी और उसके रिश्तेदार धनराज सहरिया गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले में बमोरी थाने में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई थी। मानसिंह ठाकुर एवं विवेक अष्ठाना के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दिलीप राजौरिया की टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर लगातार दबिश दी।
इसी क्रम में 13 अप्रैल 2026 को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपी हेमराज सहरिया (35) निवासी ग्राम बरोदिया को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले का एक अन्य आरोपी बलराम सहरिया अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दिलीप राजौरिया, उपनिरीक्षक बुंदेल सिंह सुनेरिया, सउनि मोकम सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।