भुजरिया तालाब मंदिर पर 7 मई को बजेगी शहनाई, नि:शुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन

भुजरिया तालाब मंदिर पर 7 मई को बजेगी शहनाई, नि:शुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन

गुना | अनंत न्यूज़ 

शहर के ऐतिहासिक भुजरिया तालाब स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में आगामी 7 मई को भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा जिसमें जरूरतमंद कन्याओं का विवाह पूरे वैदिक रीति-रिवाजों के साथ कराया जाएगा।

मंगलवार को मंदिर परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान महंत राघवेंद्र दास ने बताया कि इस सम्मेलन का उद्देश्य समाज की गरीब एवं जरूरतमंद कन्याओं का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन पूर्णतः नि:शुल्क रहेगा और वर-वधु को आवश्यक उपहार भी प्रदान किए जाएंगे।

दोपहर से शुरू होगा कार्यक्रम, रात में पाणिग्रहण संस्कार

कार्यक्रम के तहत 7 मई को दोपहर 12 बजे से प्रीतिभोज का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद विवाह की पारंपरिक रस्में प्रारंभ होंगी और मध्य रात्रि के शुभ मुहूर्त में पाणिग्रहण संस्कार संपन्न कराया जाएगा।

22 अप्रैल तक कराएं पंजीयन

सम्मेलन में शामिल होने के इच्छुक जोड़ों के लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसकी अंतिम तिथि 22 अप्रैल निर्धारित की गई है। आयोजन समिति द्वारा आवेदनों की जांच के बाद पात्र और जरूरतमंद परिवारों का चयन किया जाएगा।

सहयोग की अपील

महंत ने नगर के गणमान्य नागरिकों एवं दानदाताओं से इस पुनीत कार्य में तन-मन-धन से सहयोग करने की अपील की है। प्रेस वार्ता के दौरान पंडित लखन शास्त्री, व्यापार उद्योग संघ अध्यक्ष राजेश अग्रवाल सहित कई साधु-संत एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।