समय पर दफ्तर पहुंचें कर्मचारी, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: कलेक्टर कन्याल

सीएम हेल्पलाइन में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारी सम्मानित

समय पर दफ्तर पहुंचें कर्मचारी, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: कलेक्टर कन्याल
अच्छा काम करने वाले अधिकारियों को किया गया सम्मानित।

अनंत न्यूज़ @गुना। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की विकास योजनाओं, स्वास्थ्य अभियानों और प्रशासनिक अनुशासन को लेकर कड़े निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर अखिलेश जैन सहित तमाम जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कलेक्टर कन्याल ने स्पष्ट किया कि सभी शासकीय कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि होली पर्व के बाद भी यदि कोई कर्मचारी समय पर दफ्तर में नहीं पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन के 100 दिवस से अधिक लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने 'जीरो पेंडेंसी' का लक्ष्य निर्धारित करते हुए अधिकारियों को प्रतिदिन शिकायतों का समाधान करने को कहा।

16 हजार किशोरियों का लक्ष्य
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले में संचालित ऌढश् टीकाकरण अभियान की जानकारी ली। सीएमएचओ डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर ने बताया कि 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं के लिए जिले में 7 टीकाकरण केंद्र (गुना, आरोन, बमौरी, म्याना, बीनागंज, राघौगढ़ एवं कुंभराज) स्थापित किए गए हैं। अभियान के तहत लगभग 16,000 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कचरा संग्रहण वाहनों के माध्यम से इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर जन-जागरूकता बढ़ाई जाए।

स्वच्छ सर्वेक्षण और रात्रि कालीन सफाई
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने सीएमओ गुना को निर्देशित किया कि शहर में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार नागरिक अपने घरों को साफ रखते हैं, उसी प्रकार शहर की स्वच्छता में भी जन-सहभागिता जरूरी है।

हर्बल होली की अपील और अधिकारियों का सम्मान
आगामी होली पर्व को देखते हुए कलेक्टर कन्याल ने नागरिकों से सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल होली मनाने का संदेश दिया। उन्होंने अपील की कि लोग रसायनों के बजाय गुलाब के फूलों और हर्बल गुलाल का उपयोग करें। बैठक के अंत में सीएम हेल्पलाइन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सीएमओ आरोन दिनेश सोनी एवं सीएमओ मधुसूदनगढ़ वीरेंद्र चक्रवर्ती को कलेक्टर द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।