पुरानी गल्ला मंडी में 20 साल बाद बन रही सड़क में 'भ्रष्टाचार' का खेल!

कचरे के ढेर पर ही बिछा दी सीसी रोड

पुरानी गल्ला मंडी में 20 साल बाद बन रही सड़क में 'भ्रष्टाचार' का खेल!

अनंत न्यूज़ @गुना। शहर की पुरानी गल्ला मंडी क्षेत्र में सिंधिया पार्क के पास निमार्णाधीन सीसी रोड विवादों के घेरे में आ गई है। शनिवार सुबह जब क्षेत्र के दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे, तो रातों-रात हुए सड़क निर्माण की गुणवत्ता देखकर उनके होश उड़ गए। व्यापारियों का आरोप है कि नगर पालिका और ठेकेदार की मिलीभगत से बेहद घटिया निर्माण कार्य किया जा रहा है, जहाँ सफाई किए बिना ही कचरे के ऊपर कंक्रीट डाल दी गई है।

स्थानीय दुकानदारों ने निर्माण स्थल पर एकत्र होकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। व्यापारियों का कहना है कि सड़क निर्माण से पहले न तो जमीन की ठीक से सफाई की गई और न ही वहां जमा कचरे के ढेर हटाए गए। ठेकेदार ने आनन-फानन में गंदगी के ऊपर ही सीसी रोड की परत बिछा दी। इतना ही नहीं, दुकानदारों ने तकनीकी खामियां गिनाते हुए बताया कि सड़क में मजबूती के लिए सरिया का इस्तेमाल कहीं भी नजर नहीं आ रहा है और जो मिश्रण डाला गया है, उसमें सीमेंट की मात्रा न के बराबर है। आक्रोशित व्यापारियों ने कहा कि पुरानी गल्ला मंडी के लोग पिछले 20 वर्षों से एक अदद पक्की सड़क के लिए तरस रहे थे। अब जब निर्माण कार्य शुरू हुआ, तो वह भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ता दिख रहा है। दुकानदारों का कहना है कि ऐसी कमजोर सड़क कुछ ही महीनों में उखड़ जाएगी, जिससे सरकारी धन की बबार्दी के साथ-साथ आम जनता की परेशानी भी जस की तस बनी रहेगी। घटिया निर्माण को लेकर व्यापारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे इस मामले को दबने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि यदि अविलंब गुणवत्ता में सुधार नहीं किया गया और मानक के अनुरूप सड़क नहीं बनाई गई, तो वे सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएंगे। साथ ही, एक प्रतिनिधिमंडल वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर निर्माण कार्य की जांच और संबंधित ठेकेदार व इंजीनियर पर कार्रवाई की मांग करेगा। मंडी क्षेत्र के नागरिकों और व्यापारियों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि वे मौके पर आकर निर्माण कार्य का निरीक्षण करें। बिना तकनीकी मानकों के हो रहे इस कार्य को तुरंत रुकवाकर गुणवत्तापूर्ण सड़क सुनिश्चित की जाए, ताकि जनता के टैक्स के पैसे का सदुपयोग हो सके।