सिंधिया ने 21 माह में क्षेत्र को दी 3 हजार करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
व्यापार एवं उद्योग महासंघ ने आयोजित किया संवाद एवं समाधान कार्यक्रम
अनंत न्यूज़ @गुना। गुना में व्यापार एवं उद्योग महासंघ तथा युवराज क्लब द्वारा संवाद एवं समाधान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।
दूधिया रोशनी में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में ज्योतिरादित्य सिंधिया रात्रि करीब 9 बजे पहुंचे। आयोजकों ने पूरे स्थल को आकर्षक बैनरों से सजाया था। सिंधिया की आगवानी में जहां जोरदार आतिशबाजी की गई, वहीं दूसरी ओर उनके स्केच वाली टीशर्ट पहने नन्हें बैडमिंटन खिलाड़ियों ने गुलाब भेंट कर उनका स्वागत किया। शहर के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी 5 किलो से लेकर 21 किलो तक के विशाल हार लेकर पहुंचे और मंच पर अपने नेता का अभिनंदन किया। कार्यक्रम की शुरूआत कैलाशवासी माधवराव सिंधिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। स्वागत भाषण में महासंघ अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने बताया कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के 21 माह के कार्यकाल में 3100 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा शहर के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सिंधिया परिवार के मुखिया की तरह क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति का ध्यान रखते हैं और दुख-बीमारी में आधी रात को भी मदद के लिए तत्पर रहते हैं। इस दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि गुना में जल्द ही कुछ नया और बड़ा होने वाला है, जिससे शहर की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी। भाषण के बाद वे मंच से नीचे आए और व्यक्तिगत रूप से लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना तथा समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने युवराज क्लब के अध्यक्ष विजय सिंह परिहार बैजू, सचिव संजय अग्रवाल और खिलाड़ियों के साथ बैडमिंटन भी खेला। समारोह में युवराज क्लब के सीनियर सदस्य वीरेंद्र अग्रवाल, ओमप्रकाश अग्रवाल, सुखवीर सिंह ठाकुर, मुरारीलाल शर्मा, डॉ. विष्णु गोयल, सुनील अग्रवाल और धर्मेश विजयवर्गीय को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। मंच पर प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, नगरपालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता, चांचोड़ा विधायक प्रियंका मीणा, राजेश अग्रवाल, विजय सिंह परिहार बैजू, वीरेंद्र अग्रवाल, डॉ. विष्णु गोयल, सुनील अग्रवाल, संजय अग्रवाल महू और प्रद्युम्न जैन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अतुल अग्रवाल ने किया और आभार प्रदर्शन संजय अग्रवाल महू द्वारा किया गया।