एमपी अजब है: वोट नगरीय, जनगणना ग्रामीण?

सांई सिटी गुना के रहवासियों ने सिंधिया को घेरा; बोले- 'नपा सुविधाएं दे रही है पर दर्जा नहीं'

एमपी अजब है: वोट नगरीय, जनगणना ग्रामीण?
सिंधिया को ज्ञापन देने एकत्रित हुए रहवासी।

अनंत न्यूज़ @गुना। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रवास के दौरान वार्ड क्रमांक 25, श्रीराम कॉलोनी स्थित मालपुर रोड सांई सिटी कॉलोनी के रहवासियों ने एक अजीबोगरीब समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा। रहवासियों का आरोप है कि नगर पालिका उनसे वोट तो लेती है और वहां विकास कार्य भी करा रही है, लेकिन कागजों में उन्हें नगरीय क्षेत्र की जनगणना से बाहर रखा गया है।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे कॉलोनीवासियों ने दावा किया कि उनके क्षेत्र में करीब 2000 मतदाता हैं, जो नगर पालिका चुनावों में मतदान करते हैं। इसके बावजूद उन्हें सरकारी योजनाओं का वह लाभ नहीं मिल पा रहा है जो एक शहरी निवासी को मिलना चाहिए। रहवासियों का कहना है कि उन्हें जनगणना की सूची से बाहर कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र का विकास प्रभावित हो रहा है। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन और नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। रहवासियों के अनुसार, नगर पालिका ने कॉलोनी में 'संजीवनी क्लीनिक' बनवाया है और कुछ सड़कों का निर्माण भी किया है। जब नगर पालिका वहां सड़क डलवा रही है और स्वास्थ्य केंद्र खोल रही है, तो जनगणना के समय इसे नगरीय क्षेत्र मानने से इनकार क्यों किया जा रहा है? ज्ञापन में यह भी शिकायत की गई है कि कॉलोनी में रोड के काम अधूरे छोड़ दिए गए हैं, जिससे आवाजाही में परेशानी हो रही है। साांई सिटी के रहवासियों ने केंद्रीय मंत्री से मांग की है कि उनके वार्ड को आधिकारिक तौर पर नगरीय क्षेत्र की जनगणना में शामिल किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि वे नगर पालिका के लिए वोट डालते हैं, तो उन्हें शहरी क्षेत्र की सभी मूलभूत सुविधाओं और योजनाओं का पूर्ण लाभ मिलना चाहिए। उनके साथ सौतेले जैसा व्यवहार नहीं होना चाहिए।