सेवा कार्यों के साथ शुरु हुआ रोटरी क्लब का नवीन सत्र
रक्तदान और हनुमान चालीसा पाठ का हुआ आयोजन
गुना। अनंत न्यूज़
रोटरी क्लब गुना द्वारा 1 जुलाई से अपनी नई कार्यकारिणी का सत्र शुरु किया गया है। पहले ही दिन रोटरी क्लब ने धार्मिक और सेवा कार्यों की शुरुआत की है।
रोटरी मीडिया प्रभारी विकास जैन नखराली ने बताया कि रोटरी भवन में नवीन अध्यक्ष श्याम अग्रवाल की अध्यक्षता में सदस्यों ने सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ कर सत्र की शुरूआत की। इसके बाद आयोजित रक्तदान शिविर में 21 सदस्यों ने रक्तदान किया, जिन्हें क्लब द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिविर का संपादन शिवा ब्लड बैंक की टीम के सहयोग से संयोजक डॉ. नीरज जैन व गौरव उपाध्याय की देखरेख में हुआ। कार्यक्रम में निवर्तमान अध्यक्ष बृजेश अग्रवाल व सचिव राजकुमार मंगल ने नवीन कार्यकारिणी को पदभार ग्रहण कराया। इस मौके पर राष्ट्रीय डॉक्टर दिवस और सीए दिवस के उपलक्ष्य में उपस्थित चिकित्सकों एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट का कृतज्ञता सम्मान किया गया, जिसके संयोजक पवन अग्रवाल रहे। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पर्यावरण संयोजक प्रवीण सोमानी के नेतृत्व में फलदार व छायादार 11 पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का संचालन पवन अग्रवाल ने किया और अंत में सचिव शैलेश गुप्ता ने आभार जताया। कोषाध्यक्ष विशाल अग्रवाल ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा बताई।