शूटर को पिस्टल सप्लाई करने वाला आरोपी शिवपुरी से गिरफ्तार

शूटर को पिस्टल सप्लाई करने वाला आरोपी शिवपुरी से गिरफ्तार

गुना। अनंत न्यूज़

शहर के नानाखेड़ी मंडी क्षेत्र में एक व्यापारी पर सरेराह फायरिंग करने के मामले में केंट थाना पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को पिस्टल उपलब्ध कराने वाले अवैध हथियार तस्कर को शिवपुरी से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

उल्लेखनीय है कि 9 अप्रैल 2026 को न्यू सिटी कॉलोनी निवासी छोटू उर्फ ऋतुकेश बैरागी ने पुरानी रंजिश के चलते राधा कॉलोनी निवासी व्यापारी संजीव जैन की नानाखेड़ी स्थित दुकान पर जाकर जान से मारने की नीयत से पिस्टल से दो फायर किए थे। इस हमले में व्यापारी बाल-बाल बच गए थे। घटना के तत्काल बाद केंट पुलिस ने अपराध क्रमांक 228/26 दर्ज कर आरोपी छोटू बैरागी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जेल में बंद आरोपी छोटू बैरागी से जब पुलिस ने पिस्टल के स्रोत के बारे में गहन पूछताछ की, तो उसने खुलासा किया कि वारदात में उपयोग किया गया हथियार उसे शिवपुरी निवासी रिस्की पठान ने उपलब्ध कराया था। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर और सीएसपी प्रियंका मिश्रा के मार्गदर्शन में केंट थाना प्रभारी अनूप कुमार भार्गव की टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। 30 अप्रैल को सूचना मिली कि आरोपी शिवपुरी में मौजूद है। केंट पुलिस की टीम ने तत्काल शिवपुरी दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी रिस्की उर्फ कल्लू उर्फ शोएब (उम्र 30 वर्ष, निवासी गौशाला, शिवपुरी) को गिरफ्तार कर लिया।