6 साल से फरार दो स्थाई वारंटी गिरफ्तार, शहर कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई
गुना।अनंत न्यूज़
फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शहर कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मारपीट के छह वर्ष पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस कप्तान हितिका वासल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी आनंद राय के पर्यवेक्षण में शहर कोतवाल राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2020 में बूढ़े बालाजी निवासी अर्जुन राठौर और आफताव उर्फ अल्ताफ खान के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में कोतवाली थाना में प्रकरण दर्ज किया गया था। न्यायालयीन कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपी लगातार फरार रहे, जिसके चलते उनके खिलाफ स्थाई वारंट जारी किए गए थे।पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को दोनों वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई में शहर कोतवाल राजकुमार शर्मा के साथ प्रधान आरक्षक सूर्येन्द्र मिश्रा, आरक्षक रतन सिंह एवं सैनिक निजाम शाह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।