नीट लीक के बीच मप्र में नर्सिंग छात्र बेहाल
समय पर परीक्षा और स्कॉलरशिप को लेकर गुना कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
गुना। अनंत न्यूज़
एक तरफ नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में व्यापक विरोध-प्रदर्शन और आंदोलन चल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश के गुना सहित प्रदेशभर के नर्सिंग छात्र-छात्राएं अपनी रुकी हुई परीक्षाओं और स्कॉलरशिप को लेकर भारी मानसिक तनाव और परेशानी से गुजर रहे हैं।
अपनी जायज मांगों के निराकरण और हक की लड़ाई लड़ने के लिए छात्र-छात्राओं ने नर्सिंग छात्र संघर्ष समिति का गठन किया है। इसी समिति के बैनर तले मंगलवार को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एकत्रित होकर गुना कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में मांगों से जुड़े पोस्टर और तख्तियां लिए पहुंचे छात्रों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारी छात्रों का दावा है कि बीते 3 वर्षों से उनकी परीक्षाएं पूरी तरह से रुकी हुई हैं। समय पर सत्र पूरा न होने और परीक्षाएं न कराए जाने से छात्रों का भविष्य अंधकारमय नजर आ रहा है। छात्रों का आरोप है कि सरकार उनकी समस्याओं की अनदेखी कर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है, जिससे पूरे प्रदेश के नर्सिंग विद्यार्थियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। कलेक्ट्रेट पहुंचे छात्रों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी मुख्य मांगों को स्पष्ट करते हुए कहा है कि संबंधित विश्वविद्यालय और चिकित्सा शिक्षा विभाग को तत्काल निर्देश जारी कर लंबे समय से रुकी हुई नर्सिंग परीक्षाओं को जल्द से जल्द आयोजित कराया जाए। पिछले काफी समय से अटकी हुई छात्रवृत्ति की राशि का तुरंत और पारदर्शी तरीके से भुगतान किया जाए। छात्र-विरोधी रवैया अपनाने वाले और फजीर्वाड़े में शामिल कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। छात्र-छात्राओं ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन और सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया और परीक्षाओं का शेड्यूल जारी नहीं किया, तो वे चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।