गुना के 219 श्रमिक परिवारों को मिली 4.98 करोड़ की सहायता राशि
गुना। अनंत न्यूज़
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा गुरुवार को भोपाल से मुख्यमंत्री जन कल्याण (संबल) योजना के अंतर्गत प्रदेश के 27,167 श्रमिक परिवारों को 600 करोड़ रुपये की अनुग्रह सहायता राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण किया गया। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष में देखा गया, जहाँ कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इस कार्यक्रम के दौरान गुना जिले के 219 श्रमिक परिवारों को कुल 4 करोड़ 98 लाख रुपये की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई। यह सहायता राशि उन असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के परिवारों को प्रदान की गई है, जिन्हें आर्थिक संबल की नितांत आवश्यकता थी। मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को विपत्ति के समय आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। इस योजना के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा श्रमिकों के जीवनस्तर में सुधार लाने और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्ट्रेट में आयोजित इस कार्यक्रम के अवसर पर रामेश मालवीय सहित संबंधित विभागीय अधिकारी और संबल योजना से जुड़े कई हितग्राही उपस्थित रहे। हितग्राहियों ने इस आर्थिक सहायता के लिए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रशासन का कहना है कि इस राशि से प्रभावित परिवारों को दैनिक जीवन की कठिनाइयों से लड़ने और भविष्य को सुरक्षित करने में बड़ी मदद मिलेगी।