सिविल अस्पताल आरोन में 'हीट क्लीनिक' शुरू

लू के मरीजों को मिलेगा तुरंत इलाज

सिविल अस्पताल आरोन में 'हीट क्लीनिक' शुरू

गुना। अनंत न्यूज़

क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे तापमान और लू के खतरे को देखते हुए सिविल अस्पताल आरोन में विशेष 'हीट क्लीनिक' का संचालन प्रारंभ किया गया है। मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.एन. भिलवारे ने अपनी विशेषज्ञ टीम के साथ क्लीनिक का निरीक्षण कर इसकी औपचारिक शुरूआत की।

अस्पताल प्रशासन ने यह कदम इसलिए उठाया है ताकि गर्मी के कारण अचानक बीमार होने वाले या लू की चपेट में आने वाले मरीजों को सामान्य ओपीडी की कतार में न लगना पड़े और उन्हें तत्काल आपातकालीन उपचार मिल सके। क्लीनिक की शुरूआत के दौरान डॉ. महेश कुमार राजपूत, डॉ. अविनाश रघुवंशी, डॉ. कमल मीना, डॉ. राजू मजूमदार और ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर भूपेंद्र श्रीवास्तव उपस्थित रहे। डॉ. भिलवारे ने नागरिकों को सचेत करते हुए कहा कि इस मौसम में मामूली सी लापरवाही भी स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती है। उन्होंने बचाव के लिए सुझाव दिए हैं कि धूप में बाहर जाते समय हमेशा कुछ खाकर निकलें और साथ में पानी की बोतल जरूर रखें। दोपहर 12 बजे से शाम 3 बजे के बीच, जब धूप सबसे तेज होती है, बाहर निकलने से बचें। मिर्च-मसालेदार और बासी भोजन से परहेज करें। हल्का और सुपाच्य भोजन लें। बच्चों को तेज धूप में खेलने से बचाएं और उन्हें ठंडे वातावरण में रखने का प्रयास करें।