गुना में दिल दहला देने वाली घटना: बंद घर में बुजुर्ग दंपत्ति के शव मिले, अलग-अलग कमरों में मिली लाशें

गुना में दिल दहला देने वाली घटना: बंद घर में बुजुर्ग दंपत्ति के शव मिले, अलग-अलग कमरों में मिली लाशें

अनंत न्यूज़ @गुना। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित धाकड़ कॉलोनी में शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक बुजुर्ग दंपत्ति के शव उनके ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

 अलग-अलग कमरों में मिले शव, बढ़ी रहस्य की गुत्थी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 70 वर्षीय दिलीप कुमार गोयल का शव घर के एक कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला, जबकि उनकी 65 वर्षीय पत्नी किरण गोयल का शव दूसरे कमरे में पलंग पर पड़ा मिला। दोनों के शव अलग-अलग स्थानों पर मिलने से घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि पति ने फांसी लगाकर जान दी, जबकि पत्नी ने संभवतः जहरीले पदार्थ का सेवन किया हो सकता है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

घटना के समय दोनों बुजुर्ग घर में अकेले थे। जानकारी के अनुसार, उनका बेटा चंदेरी में एडीपीओ के पद पर पदस्थ है और इन दिनों अपने परिवार के साथ बाहर गया हुआ था। आशंका है कि घटना एक-दो दिन पहले की हो सकती है।

 पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी

सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम की सहायता से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

 घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। घर का दृश्य देखकर सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है।