आरोन रोड पर हुई भाई-बहन की मौत के मामले का खुलासा
150 सीसीटीवी खंगालने के बाद हत्यारी जेसीबी जप्त, चालक गिरफ्तार
गुना।अनंत न्यूज़
आरोन थाना क्षेत्र में हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना का सफल खुलासा हो गया है। हादसे में एक ही परिवार के भाई-बहन की असामयिक मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद से ही क्षेत्र में भारी आक्रोश था और न्याय की मांग को लेकर मृतक के परिजनों व सामाजिक संगठनों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भी सौंपा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया और करीब 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आखिरकार अज्ञात वाहन और उसके चालक को ढूंढ निकाला। पुलिस ने आरोपी जेसीबी चालक को गिरफ्तार कर वाहन को जप्त कर लिया है। घटनाक्रम के अनुसार, बीते 14 मई को आरोन थाना क्षेत्र के ग्राम महुआखेड़ा निवासी विपिन (18) अपनी बहन शिवानी पंथी (22) को परीक्षा दिलाने के लिए आरोन कॉलेज लेकर आया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद जब दोनों भाई-बहन मोटरसाइकिल से वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी ग्राम सिरसी और ढिमरयाई के बीच एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई-बहन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया था।
पुलिस पर था भारी दबाव
इस हृदयविदारक घटना से आक्रोशित परिजनों और विभिन्न संगठनों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक हितिका वासल को ज्ञापन सौंपा था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया। थाना प्रभारी निरीक्षक रवींद्र सिंह सिकरवार और उपनिरीक्षक रविनंदन शर्मा के नेतृत्व में टीम ने पनबाड़ी हाट से लेकर आरोन बायपास तक के पूरे मार्ग पर लगे 150 से अधिक कैमरों की बारीकी से जांच की।
जेसीबी और आरोपी चालक गिरफ्तार
लगातार तकनीकी जांच और संदिग्ध वाहनों की शॉर्टलिस्टिंग के बाद पुलिस ने अंतत: दुर्घटना में शामिल जेसीबी (क्रमांक एमपी 08 डीए 0311) को चिन्हित कर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जेसीबी चालक राजकुमार जाटव (36 वर्ष, निवासी आरोन) को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया और वाहन को जप्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।