घर के बाड़े में हो रही गांजे की खेती का भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार

घर के बाड़े में हो रही गांजे की खेती का भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार

गुना। अनंत न्यूज़

जिले में अवैध नशे के कारोबारियों और तस्करों के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन में निरंतर सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बमौरी थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजे की खेती के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए भारी मात्रा में गांजे के पौधों के साथ एक आरोपी को हिरासत में लिया है।

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन और एसडीओपी विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में बमौरी थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया और उनकी टीम द्वारा अंजाम दी गई। 02 मई 2026 को पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम परांठ में एक व्यक्ति ने अपने घर के पीछे बाड़े में अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रखे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल ग्राम परांठ पहुंची और घेराबंदी कर प्रेमनारायण आदिवासी के बाड़े में दबिश दी। मौके पर पुलिस को 32 वर्षीय प्रेमनारायण पुत्र सिरिया आदिवासी मिला। जांच करने पर बाड़े में गांजे के कुल 40 हरे पौधे उगे हुए पाए गए। पुलिस ने इन पौधों को उखाड़कर जब वजन कराया, तो इनका कुल वजन 6.600 किलोग्राम निकला। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 01 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से बरामद पौधों को विधिवत जब्त कर आरोपी प्रेमनारायण आदिवासी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध बमौरी थाने में अपराध क्रमांक 96/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी इन पौधों का उपयोग स्वयं के लिए कर रहा था या इनकी तस्करी की योजना थी।